साइबर ठगी पर सख्त प्रहार: 16-17 फरवरी को चलेगा ‘डायल एंड सेव-1930’ अभियान

-पुलिस आयुक्त जे. रविन्द्र गौड़ के निर्देशन में कमिश्नरेट की पहल
-एडिशनल पुलिस कमिश्नर केशव कुमार चौधरी ने बताया ‘गोल्डन ऑवर’ का महत्व
-मोबाइल में 1930 सेव कराएगी पुलिस, 18 फरवरी को होगा सम्मान समारोह

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। साइबर अपराधों पर प्रभावी रोकथाम और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से कमिश्नरेट पुलिस 16 और 17 फरवरी को विशेष ‘डायल एंड सेव-1930’ अभियान चलाएगी। यह अभियान पुलिस आयुक्त जे. रविन्द्र गौड़ के निर्देशन में संचालित होगा, जिसका मुख्य उद्देश्य साइबर ठगी से बचाव, त्वरित रिपोर्टिंग और डिजिटल सुरक्षा के प्रति नागरिकों को सतर्क करना है। अभियान की जानकारी देते हुए केशव कुमार चौधरी, एडिशनल पुलिस कमिश्नर मुख्यालय एवं अपराध ने बताया कि साइबर ठगी की घटना के बाद पहला ‘गोल्डन ऑवर’ अत्यंत महत्वपूर्ण होता है।

यदि इस अवधि में राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दे दी जाए तो संबंधित बैंक खातों को समय रहते फ्रीज कर धनराशि की अधिकतम रिकवरी संभव हो सकती है। उन्होंने नागरिकों को आगाह किया कि ठगी के बाद गूगल पर कस्टमर केयर या हेल्पलाइन नंबर सर्च करना जोखिम भरा हो सकता है, क्योंकि फर्जी नंबरों के जरिए ठग दोबारा शिकार बना सकते हैं।

अभियान के दौरान पुलिसकर्मी लोगों के मोबाइल फोन में 1930 नंबर सेव कराएंगे, ताकि आपात स्थिति में तुरंत संपर्क किया जा सके। कमिश्नरेट पुलिस का मानना है कि जागरूकता ही साइबर अपराध के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार है। 18 फरवरी को अभियान के परिणामों की घोषणा की जाएगी तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।