बलिया में आबकारी विभाग की सख्त कार्रवाई: नववर्ष पर अवैध शराब पर होगी पैनी नज़र

-आबकारी अधिकारी विजय कुमार शुक्ला की रणनीति, युवाओं के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित

उदय भूमि संवाददाता
बलिया। नववर्ष की तैयारियों के बीच जिले में युवाओं में उत्साह का माहौल दिख रहा है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी, बैंक्वट हॉल, होटल, बार और रेस्टोरेंट पहले से ही एडवांस में बुक हो चुके हैं। ऐसे में आबकारी विभाग ने भी सजग होकर नववर्ष के अवसर पर शराब की बढ़ती खपत और अवैध शराब के व्यापार को रोकने के लिए विशेष रणनीति तैयार की है।
जिला आबकारी अधिकारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि जिले में किसी भी तरह की बिना लाइसेंस की शराब पार्टी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विभाग के सभी इंस्पेक्टरों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी रखने और कार्यवाही करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। अगर कहीं भी अवैध शराब का व्यापार या पार्टी आयोजित होती है, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विजय कुमार शुक्ला ने जिले में शराब की अवैध बिक्री रोकने के लिए न केवल कानून को कड़ाई से लागू किया है, बल्कि युवा पीढ़ी को सुरक्षित माहौल देने पर भी ध्यान केंद्रित किया है।

उनके नेतृत्व में आबकारी टीम दिन-रात फील्ड में सक्रिय है, जिससे जनपद में शराब से जुड़ी समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि किसी को भी अवैध शराब के कारोबार में लिप्त पाए जाने पर विभाग तुरंत कार्रवाई करेगा और अब किसी भी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी। विभाग की कार्रवाई से न केवल अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगेगा, बल्कि आम जनता में सुरक्षा की भावना भी बढ़ेगी। बलिया में आबकारी अधिकारी विजय कुमार शुक्ला की सक्रियता और रणनीतिक कार्यशैली ने यह साबित कर दिया है कि नववर्ष के त्योहार में भी कानून का पालन और आम जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है। विभाग की सख्त कार्रवाई और निगरानी से जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगेगा और युवा वर्ग सुरक्षित माहौल में उत्सव मना पाएंगे।

नववर्ष के अवसर पर लाइसेंसी शराब की दुकानों का समय बढ़ाया गया
नववर्ष की रातों में शराब की बढ़ती खपत को देखते हुए 30 और 31 दिसंबर को जिले की लाइसेंसी शराब की दुकानों को 11 बजे तक खोलने की अनुमति दी गई है। इसका उद्देश्य युवाओं को कानूनी तरीके से शराब उपलब्ध कराना और अवैध कारोबार को बढ़ने से रोकना है। जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि विभाग की टीम पहले से ही फील्ड में सक्रिय है और किसी भी प्रकार की अवैध शराब की बिक्री पर तुरंत कार्रवाई कर रही है। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री को रोकने के लिए लगातार छापेमारी और दबिश जारी है।

ग्रामीण क्षेत्रों में दबिश: अवैध शराब का भंडारण नष्ट
जिला आबकारी अधिकारी विजय कुमार शुक्ला ने बुधवार को बताया कि आबकारी निरीक्षक रमेश राय और उनकी टीम ने क्षेत्र-5, वेल्थरा रोड एवं भीमपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिकरिया और ईंट-भ_ा में छापेमारी की। इस दौरान लगभग 20 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई और लगभग 200 किलोग्राम लहन नष्ट किया गया। शराब माफिया द्वारा जंगल और झाडिय़ों में छिपाकर रखी अवैध शराब और शराब बनाने की भट्टी को भी मौके पर नष्ट कर दिया गया। उन्होंने कहा कि अवैध शराब कारोबार को पूरी तरह से खत्म करने के लिए विभाग सतत कार्रवाई कर रहा है और तस्करों को उनकी भाषा में ही जवाब दिया जा रहा है।

नववर्ष के अवसर पर युवाओं और आमजन के लिए संदेश
जिला आबकारी अधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अवैध शराब कारोबार में शामिल न हों और शराब केवल लाइसेंसी दुकानों से ही खरीदें। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आबकारी विभाग का प्रयास यह है कि नववर्ष का पर्व आनंदपूर्वक और सुरक्षित तरीके से मनाया जा सके। शुक्ला के नेतृत्व में बलिया जिले में आबकारी विभाग ने यह संदेश स्पष्ट कर दिया है कि अवैध शराब के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नववर्ष की रातों में जागरूकता, सुरक्षा और कानून का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए विभाग पूरी तरह तैयार है।