– वैदिक गणित और मेमोरी रश से बढ़ी गणना में रुचि और एकाग्रता
– मॉडल, खेल और रंगोलियों के माध्यम से गणित और कला का अनोखा संगम
– प्रश्नोत्तरी, गीत और कार्टून फिल्म से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और तार्किक क्षमता का विकास
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कविनगर स्थित के.डी.बी. पब्लिक विद्यालय में विद्यार्थियों में बुधवार को गणित के प्रति रुचि, आत्मविश्वास और तार्किक क्षमता को विकसित करने के उद्देश्य से ‘मैथमेनिया’ नामक एक भव्य गणितीय उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कक्षा 6 से 11 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए यह संदेश दिया कि गणित केवल अंकों का विषय नहीं, बल्कि जीवन से जुड़ा एक रोचक और उपयोगी ज्ञान है। कार्यक्रम के दौरान गणित को मनोरंजक और सरल रूप में प्रस्तुत करने के लिए अनेक रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। विद्यार्थियों को वैदिक गणित की तेज़ और सरल गणना विधियों से परिचित कराया गया, जिससे उनमें गणना के प्रति रुचि और आत्मविश्वास बढ़ा।
मेमोरी रश गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों की स्मरण शक्ति और एकाग्रता की परीक्षा ली गई, जबकि गणितीय शब्दों और अवधारणाओं पर आधारित अंताक्षरी ने सभी को रोमांचित कर दिया। गणितीय तंबोला खेल ने विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों का भी भरपूर मनोरंजन किया। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए गणितीय मॉडल और खेलों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें ज्यामितीय आकृतियों, सममिति, पैटर्न और संख्यात्मक डिज़ाइनों पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियाँ देखने को मिलीं। विद्यार्थियों ने गणितीय रंगोलियों के माध्यम से यह दर्शाया कि गणित और कला का सुंदर समन्वय किस प्रकार संभव है। कार्यक्रम को और अधिक प्रेरणादायक बनाने के लिए एक उत्साहवर्धक गीत प्रस्तुत किया गया, जिसने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास का संचार किया।
गणित के प्रति भय को दूर करने के उद्देश्य से एक प्रेरक कार्टून फिल्म भी दिखाई गई। साथ ही विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता को परखने के लिए रोचक गणितीय प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मैथमेनिया उत्सव अत्यंत सफल रहा और विद्यार्थियों में गणित के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित हुआ। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या, उप-प्रधानाचार्या एवं कोऑर्डिनेटर्स ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए गणितीय कौशल को दैनिक जीवन में अपनाने पर विशेष बल दिया।

















