महिलाओं से छेड़छाड़ में गिरफ्तार, एफआईआर दर्ज
नई दिल्ली। सब इंस्पेक्टर पुनीत ग्रेवाल की सच्चाई सामने आने पर दिल्ली पुलिस को शर्मसार होना पड़ा है। महिलाओं से छेड़छाड़ करने पर सब इंस्पेक्टर ग्रेवाल को गिरफ्तार किया गया है। वह अक्सर बगैर नंबर की कार में बैठकर राह चलती महिलाओं के साथ अभद्रता करता था। शिकायतें मिलने पर पुलिस ने मुखबिरों तक को सक्रिय कर दिया। हकीकत सामने आई तो पुलिस खुद दंग रह गई। आरोपी के विरूद्ध आईपीसी की धारा-354डी और 354 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। दिल्ली पुलिस को कुछ दिनों से महिलाओं से छेड़छाड़ की शिकायतें मिल रही थीं। आरोप था कि बगैर नंबर की कार में सवार युवक राह चलती महिलाओं पर अश्लील कमेंट करता था। विरोध करने पर वह भाग जाता था। ऐसे में द्वारका पुलिस को सतर्क किया गया। पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए मुखबिर की भी मदद ली। मुखबिर की सूचना पर आखिरकार आरोपी को दबोच लिया गया। सच्चाई सामने आने पर पुलिस को भी शर्मसार होना पड़ा। दरअसल महिलाओं से छेड़छाड़ करने के आरोप में जिसे गिरफ्तार किया गया, वह दिल्ली पुलिस का सब इंस्पेक्टर पुनीत ग्रेवाल निकला। पुनीत के कब्जे से बगैर नंबर की कार भी बरामद की गई है। वह इन दिनों दिल्ली यातायात पुलिस के डीसीपी के पीए के तौर पर काम कर रहा था। वह दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में भी रहा है। इसके अलावा चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुका है। पुलिस ने आरोपी सब इंस्पेक्टर के खिलाफ आईपीसी की धारा-354डी और 354 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पुनीत आदतन मनचला लग रहा है। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उधर, पुलिस का कहना है कि राजधानी की सड़कों पर मनचलों से निपटने के लिए कड़ी कार्रवाई की जा रही है। कोई भी शिकायत मिलने पर तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाती है।















