अवैध हथियार और गोला बारूद भी बरामद
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस को सोमवार को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 5 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और गोला बारूद भी बरामद किया गया है। पूरे मामले की छानबीन चल रही है। पूर्वी दिल्ली के शकरपुर क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद 5 संदिग्ध आतंकियों को दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के संबंध आतंकी संगठनों से होने की आशंका जाहिर की है। पुलिस पूछताछ में मालूम पड़ा है कि पंजाब में अक्तूबर में शौर्य चक्र विजेता बलविंदर सिंह की हत्या की गई थी। इस वारदात में पुलिस द्वारा पकड़े गए 2 संदिग्ध भी शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखदीप सिंह, अयूब पठान, शब्बीर अहमद, रियाज ठाकुर और गुरजीत सिंह के रूप में हुई है। इनमें से 2 पंजाब से और 3 कश्मीर से ताल्लुक रखते हैं। पुलिस पूछताछ में मालूम पड़ा कि गुरजीत सिंह और सुखदीप सिंह शौर्य चक्र विजेता बलविंदर सिंह की हत्या में शामिल थे। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के डीसीपी प्रमोद कुशवाहा ने बताया कि इन संदिग्धों के तार आतंकियों से जुड़ते नजर आ रहे हैं। गिरफ्तार पांचों संदिग्ध नारको टेररिज्म को अंजाम दे रहे थे। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई उनका इस्तेमाल कर रही थी। अब इनके आतंकी संगठन की पहचान की जा रही है। पुलिस उपायुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) प्रमोद सिंह कुशवाहा ने बताया कि मुठभेड़ के बाद 5 आरोपियों को पकड़ा गया है। उनके पास से हथियार एवं गोला बारूद भी बरामद हुए हैं। इनमें से कुछ के संबंध आतंकवादी संगठनों से होने की आशंका है। उधर, दिल्ली में किसान आंदोलन के बीच संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी को काफी अह्म माना जा रहा है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों के नेटवर्क के विषय में विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। जल्द कुछ और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
















