अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में परीक्षण
नई दिल्ली। चीन और पाकिस्तान से जारी तनाव के बीच भारत ने अपनी सैन्य ताकत को और बढ़ाया है। भारत ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। यह मिसाइल दुश्मनों के होश उड़ाने के लिए काफी है। भारत निरंतर अपनी सैन्य शक्ति को बढ़ा रहा है। इसी क्रम में एक और सफलता अर्जित की गई है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का परीक्षण सफल हो गया है। भारत ने क्रूज मिसाइल के जहाज-रोधी संस्करण का सफल परीक्षण किया है। सूत्रों ने बताया कि यह परीक्षण भारतीय नौसेना की तरफ से जारी परीक्षण का हिस्सा है। भारत ने कुछ दिन पहले भी ब्रह्मोस सुपरसोनिक मिसाइल का परीक्षण किया था। भारतीय नौसेना द्वारा पिछले काफी समय में निरंतर ब्रह्मोस सुपरसोनिक मिसाइल के अलग-अलग संस्करण का परीक्षण चल रहा है। पिछले कुछ माह में देश ने भूमि, वायु और समुद्र में कई परीक्षण किए हैं। ब्रह्मोस मिसाइल यूनीवर्सल लंबी रेंज सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल सिस्टम है। इस मिसाइल को भूमि, समुद्र और हवा से लॉन्च किया जा सकता है। रूस और भारत के जरिए संयुक्त रूप से विकसित वायु, भूमि और समुद्री प्लेटफार्म के साथ ब्रह्मोस के सफल एकीकरण को भी स्वदेशीकरण की दिशा में ऊंची छलांग के तौर पर देखा जा रहा है। यह सरकार के अपने फ्लैगशिप मेक इन इंडिया स्कीम पर बार-बार बल देने और आत्मानिर्भर भारत के लिए हालिया आह्वान को महत्व देता है। बता दें कि चीन और पाकिस्तान के साथ भारत का लंबे समय से तनाव चल रहा है। दोनों देश बेवजह भारत को परेशान करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। चीन के इशारे पर पाकिस्तान बॉर्डर पर निरंतर संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। अलबत्ता दुश्मनों से निपटने के लिए भारत को अपनी ताकत में इजाफा करना पड़ रहा है।
















