सुपरस्टार रजनीकांत की तबीयत बिगड़ी

हैदराबाद के अपोलो अस्पताल में भर्ती

नई दिल्ली। सुपरस्टार रजनीकांत की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। ब्लड प्रेशर की शिकायत होने पर उन्हें हैदराबाद के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। डॉक्टरों का कहना है कि रजनीकांत को ब्लड प्रेशर और थकान की शिकायत है। इसके अलावा उन्हें कोई लक्षण नहीं हैं। सुपरस्टार रजनीकांत इन दिनों हैदराबाद में हैं। वह अपनी फिल्म अन्नाथे की शूटिंग कर रहे थे। शूटिंग के दरम्यान उन्हें ब्लड प्रेशर की दिक्कत महसूस होने लगी। 8 क्रू मैंबर कोरोना पॉजिटिव होने के कारण इस फिल्म की शूटिंग कुछ दिन पहले बंद कर दी गई थी। रजनीकांत का कोरोना टेस्ट निगेटिव आया थाए, मगर उन्हें ब्लड प्रेशर की समस्या थी। हैदराबाद के अपोलो अस्पताल ने रजनीकांत की हेल्थ अपडेट की जानकारी दी है। डॉक्टरों के मुताबिक रजनी के ब्लड प्रेशर में काफी दिक्कत हो रही है। उन्हें छुट्टी देने से पहले गंभीरता से मॉनिटर किया जाएगा। रजनीकांत को शुक्रवार की सुबह अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों का कहना है कि रजनीकांत का ब्लड प्रेशर काफी बढ़ और घट रहा था। जब तक ब्लड प्रेशर सामान्य नहीं होता और वह घर जाने के लिए ठीक नहीं हो जाए तब तक उन्हें अस्पताल से छुट्टी नहीं दी जाएगी। ब्लड प्रेशर और थकान के अलावा उन्हें कोई लक्षण नहीं हैं। वह स्वस्थ हैं। बता दें कि फिल्म अन्नाथे की शूटिंग हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी में शुरू की गई थी। शूटिंग के सिलसिले में कुछ दिन पहले रजनीकांत हैदराबाद आए थे। साउथ की फिल्म इंडस्ट्री में रजनीकांत बड़ा नाम हैं। साउथ में रजनी के मंदिर तक बनाए गए हैं। जहां फैंस द्वारा सुबह-शाम रजनी की पूजा की जाती है। रजनी जल्द राजनीतिक पारी की शुरुआत भी करने वाले हैं। इसके लिए वह जनवरी में ऐलान कर सकते हैं। बॉलीवुड की कुछ मूवी में भी रजनी ने जबरदस्त अभिनय किया है।