सुशांत सिंह राजपूत डेथ केस में सुप्रीम फैसला: सीबीआई करेगी सुशांत केस की जांच, महाराष्ट्र सरकार को झटका

उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली/मुंबई। सुप्रीम कोर्ट ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत डेथ केस की सीबीआई जांच को मंजूरी दे दी है। मुंबई पुलिस को इस प्रकरण से जुड़े सभी साक्ष्य सीबीआई को सौंपने के आदेश दिए गए हैं। कोर्ट ने कहा है कि बिहार सरकार को इस मामले में सीबीआई जांच की सिफारिश करने का अधिकार था। उधर, देश की शीर्ष अदालत के इस फैसले से महाराष्ट्र सरकार को जोरदार झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने इस प्रकरण की सुनवाई के दरम्यान कहा कि बिहार पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने का अधिकार था। पटना में दर्ज रिपोर्ट सही थी। बिहार पुलिस को भी इस केस की जांच करने का अधिकार था। मुंबई पुलिस ने सुशांत की मौत के बाद दुर्घटना के पहलू तक जांच की। जबकि बिहार पुलिस ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर एफआईआर दर्ज की थी। कोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार के दावे को खारिज कर मुंबई पुलिस को इस केस से संबंधित सभी साक्ष्य सीबीआई के हवाले करने का आदेश भी दिया है। शीर्ष अदालत के इस निर्णय से जहां सुशांत के परिजनों और फैंस को राहत मिली है, वहीं महाराष्ट्र सरकार और मुंबई पुलिस को करारा झटका लगा है।
गृह मंत्री ने बुलाई आपात बैठक
अभिनेता सुशांत केस की सीबीआई जांच का रास्ता साफ होने के बाद महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने आनन-फानन में मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकरियों को तलब किया है। बैठक में विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाना है। इस मौके पर गृह सचिव और प्रिंसिपल सेक्रेटरी भी मौजूद रहेंगे।
मुंबई रवाना होगा विशेष जांच दल
सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद सीबीआई का विशेष जांच दल अब मुंबई रवाना होने की तैयारी में है। जांच दल मुंबई पुलिस से केस डायरी लेने के अलावा संदिग्धों और गवाहों के बयान, फोरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट अपने कब्जे में लेगी। जांच दल सुशांत के बांद्रा स्थित अपार्टमेंट में भी जाएगा। इस केस में संदिग्धों और गवाहों से पुन: पूछताछ संभव है। ऐसे में रिया चक्रवर्ती की मुश्किलें बढ़ना तय हैं। जरूरत पड़ने पर सीबीआई उन्हें गिरफ्तार कर सकती है।
सियासी हमले भी शुरू
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद सुशांत प्रकरण में सियासी तीरंदाजी शुरू हो गई है। भाजपा नेता संबित पत्रा ने ट्वीट कर महाराष्ट्र सरकार पर तंज कसा है। पात्रा ने उद्धव सरकार के जल्द गिरने का संकेत दिया है। अपने ट्वीट में पात्रा ने कहा कि पहले महाराष्ट्र सरकार सो ‘रिया’ था, फिर संजय राउत सुशांत परिवार को धो ‘रिया’ था, अब मुंबई में सरकार रो ‘रिया’ है। दोस्तों जल्दी ही सुनेंगे महाराष्ट्र सरकार जा ‘रिया’ है।
नीतिश को उम्मीद, मिलेगा न्याय
बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर प्रसन्नता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि अब मुझे पूरा भरोसा है कि सीबीआई पूरी तरह से ठीक ढंग से जांच करेगी और न्याय दिलाएगी। न्याय की उम्मीद सिर्फ सुशांत के परिवार या बिहार को नहीं बल्कि देश की जनता को है।