शपथ ग्रहण : सुशील मोदी की राज्य सभा में एंट्री

अरुण सिंह और सीमा को भी दिलाई गई शपथ

नई दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने शनिवार को राज्य सभा के लिए निर्विरोध नवनिर्वाचित सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। संसद भवन के राज्य सभा स्थित चैम्बर (वेश्म) में उन्होंने शपथ ली। राज्य सभा के सभापति एवं उप-राष्ट्रपति एम वैंकेया नायडू ने उन्हें सदस्यता की शपथ दिलाई। इस दरम्यान राज्य सभा के लिए पूर्व से निर्वाचित भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह और उत्तर प्रदेश से निर्वाचित सीमा ने भी शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण के बाद सुशील मोदी ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें संसद के दोनों सदनों में काम करने का मौका दिया है। राज्य सभा के सदस्य के तौर पर भी वे बिहार के विकास के लिए काम करते रहेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में राज्य सभा के उप-सभापति हरिवंश, संसदीय कार्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और सामाजिक न्याय आधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलौत आदि मौजूद रहे। बता दें कि पिछले दिनों संपन्न बिहार विधान सभा चुनाव में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया था। बिहार में भाजपा ने राजद के बाद सर्वाधिक सीटें जीती हैं। जबकि नीतीश कुमार की जनता दल (यू) को तीसरे नंबर पर रहना पड़ा। विधान सभा चुनाव के बाद पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी को साइड लाइन कर दिया गया था। पुन: डिप्टी सीएम न बनाए जाने पर मोदी की नाराजगी भी सामने आई थी। ऐसे में उन्हें साधने के लिए पार्टी ने राज्य सभा में भेजने का निर्णय लिया। अब वह राज्य सभा में बिहार का नेतृत्व करते दिखाई देंगे। उधर, बिहार में बढ़ती आपराधिक वारदातों के कारण नीतीश सरकार को आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। विधान सभा चुनाव संपन्न होने के बाद से राज्य में संगीन वारदातें बढ़ गई हैं। इसके चलते विपक्ष हमलावर है। इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कानून व्यवस्था में सुधार के लिए कड़े दिशा-निर्देश दिए हैं।