शीतलहर से लुढ़का पारा, ठंड से बचाव के लिए निगम का अलाव बना सहारा

-बढ़ रही है शीतलहर ठंड से बचाव के लिए अलाव व्यवस्था की बढ़ाएं अधिकारी: नगर आयुक्त
-169 से अधिक स्थानों पर निगम कर रहा है अलाव की व्यवस्था, जोनल प्रभारी कर रहे मॉनिटरिंग

गाजियाबाद। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और शीतलहर चलने का असर अब मैदानी इलाकों में दिखाई देने लगा है। इससे तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। हालात ये हैं कि बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित हो रहे हैं। वहीं, अब लोगों के पास ठंड से राहत पाने के लिए लोग अलाव ही सहारा बन रहा है। जिले में अचानक बढ़ी ठंड अब नागरिकों के लिए आफत बनती दिख रही है। एनसीआर में रविवार सुबह से ही तेज हवा का दौर जारी है। तेज हवा की वजह से गलन का दौर भी शुरू हो गया है। शीतलहर और कड़ाके की ठंड से लोगों को बचाने के लिए नगर निगम की ओर से मुख्य स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। बढ़ती ठंड को देखते हुए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा अलाव की व्यवस्था बढ़ाने के निर्देश दिए है। जिसमें लगभग 169 स्थान पर ठंड से बचाव के लिए उद्यान विभाग द्वारा अलाव की व्यवस्था की गई है।

नगर निगम द्वारा कराई जा रही इस व्यवस्था से निराश्रितों को काफी राहत मिल रही है। सार्वजनिक स्थानों पर सूरज ढलते ही शाम 5 बजे से 7 बजे के बीच में प्रतिदिन नगर निगम की गाड़ी ठंड से राहत दिलाने के लिए अलाव व्यवस्था में जुट जाती है। उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह ने बताया शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थान, रेन बसेरा, मुख्य चौराहा व अन्य स्थान को सम्मिलित करते हुए 169 जगह प्रतिदिन अलाव के लिए लकडिया भिजवाई जा रही हैं। 8450 किलो अब तक खपत हो चुकी है। निराश्रितों की सहूलियत के अनुसार व्यवस्था को घटाया बढ़ाया भी जा रहा है, महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त के निर्देश अनुसार रैन बसेरों में भी, हीटर और बिस्तरों की संख्या बढ़ाई गई है।

नगर निगम द्वारा ठंड से बचाव के लिए किए गए इंतजाम से निराश्रितों और राहगीरों को काफी राहत मिल रही है। नगर निगम पांचो जोन के अंतर्गत जोनल प्रभारी की देखरेख में आवश्यक अनुसार रेन बसेरो तथा सार्वजनिक स्थानों पर, ठंड से बचाव के लिए अलाव की व्यवस्था हो रही है। जिसमें सिटी जोन के अंतर्गत लगभग 59 स्थान, वसुंधरा जोन के अंतर्गत 26, विजयनगर जोन में 32, मोहन नगर जोन में 23, कवि नगर जोन में 29 स्थान पर प्रतिदिन अलाव के लिए लकड़ी डाला जाता है। क्षेत्रीय पार्षद भी आवश्यकता के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर निराश्रितों के लिए अलाव व्यवस्था करने में सहयोग कर रहे है। सभी जोनल प्रभारी की टीम शाम के समय रेन बसेरा पर नगर आयुक्त के निर्देश अनुसार ड्यूटी निभाते हुए कार्यवाही कर रहे हैं।