26/11 की बरसी पर श्रीनगर में आतंकी हमला

2 जवान शहीद, कार सवार तीनों हमलावर फरार

श्रीनगर। मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर भी आतंकी बाज नहीं आए। जम्मू-कश्मीर में कार सवार 3 आतंकियों ने अचानक सुरक्षा बलों पर ताबड़-तोड़ गोलियां चला दीं। आतंकी हमले में 2 जवान शहीद हो गए। हमले को अंजाम देकर आतंकी फरार हो गए। बाद में सुरक्षा बलों ने आतंकियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया, मगर कामयाबी हाथ नहीं लगी। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में एचएमटी क्षेत्र में आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर फायरिंग की। बाद में सुरक्षा बलों ने एचएमटी क्षेत्र की घेराबंदी कर जवाबी कार्रवाई की। आतंकी हमले में जवान राणा मंडोल और जिआउल हक शहीद हो गए। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विजय कुमार ने बताया कि सेना के जवान रूटीन ड्यूटी पर थे। इस दरम्यान 3 आतंकियों ने फायरिंग कर दी। हमले में 2 जवान शहीद हो गए। आईजी कुमार के मुताबिक यहां जैश-ए-मोहम्मद का मूवमेंट है। हमलावर कार में सवार होकर आए थे। इनमें 2 पाकिस्तानी और 1 स्थानीय आतंकी होने की आशंका है। उधर, मुंबई हमले की बरसी पर आतंकियों की इस कायराना हरकत ने पुन: पाकिस्तान के नापाक इरादे उजागर कर दिए हैं। एक तरफ पाकिस्तान मुंबई आतंकी हमले के गुनहगारों को बचाने की कोशिश कर रहा है, दूसरी ओर निरंतर आतंक को बढ़ावा दे रहा है। भारत द्वारा पाकिस्तान को निरंतर करारा जवाब दिया जा रहा है, मगर वह सुधरने को तैयार नहीं है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि श्रीनगर में हमले के तार पाकिस्तान से जुड़े हैं। मुंबई हमले की बरसी पर पाकिस्तान में हाफिज सईद, कसाब समेत मारे गए दसों आतंकियों के लिए प्रार्थना सभा करा रहा है। पाक से संचालित लश्कर-ए-तैयबा की राजनीतिक विंग जमात-उद-दावा का मुखिया आतंकी हाफिज सईद ने आज पाकिस्तान में पंजाब के साहिवाल शहर में प्रार्थना सभा कराई। इस सभा में हाफिज सईद ने मुंबई आतंकी हमले के गुनहगार मारे गए 10 आतंकियों को श्रंद्धांजलि दी है।