भाजपा नेताओं की हत्या के पीछे आतंकी संगठन
कश्मीर। जम्मू-कश्मीर के काजीगुंड में भाजपा के 3 नेताओं की हत्या में कुख्यात आतंकी संगठन लश्कर की भूमिका सामने आई है। इस हत्याकांड की जिम्मेदारी लश्कर के आतंकियों ने ली है। इसके बाद सुरक्षा बल एकाएक सक्रिय हो गए हैं। इस बीच अनंतनाग के अछबल क्षेत्र से पुलिस ने कार बरामद की है। आशंका है कि इस कार का इस्तेमाल वारदात के लिए किया गया था। जम्मू-कश्मीर में कुलगाम के काजीगुंड में वीरवार की रात करीब साढ़े 8 बजे भाजपा नेता फिदा हुसैन, उमर राशीद बेग और उमर रमजान की हत्या कर दी गई थी। तीनों नेता कार में सवार होकर घर लौट रहे थे। हमलावरों ने कार के सामने से उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दी थीं। इस वारदात से क्षेत्र में एकाएक सनसनी फैल गई। वारदात के बाद से समूचा काजीगुंड मातम में डूबा है। मृतकों का जनाजा निकलते समय जबरदस्त भीड़ उमड़ पड़ी। इस वारदात के पीछे लश्कर के आतंकियों का हाथ होना सामने आया है। लश्कर के आतंकियों ने खुद इस घटना की जिम्मेदारी ली है। उधर, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अनंतनाग के अछबल क्षेत्र से शुक्रवार को कार को बरामद की है। शक है कि कार का इस्तेमाल आतंकियों ने भाजपा नेताओं की हत्या में किया था। वहीं, जम्मू-कश्मीर पुलिस के आईजी का कहना है कि पुलिस टीम ने 16 से 19 नागरिकों की सूची तैयार की थी। सभी को अलग-अलग होटल में रखा गया था। इनमें फिदा हुसैन भी थे। हालांकि कुछ दिन पहले वह शपथ पत्र देकर घर चले गए थे। पुलिस विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं, इस वारदात के बाद जम्मू-कश्मीर के भाजपा नेताओं में आक्रोश है। पार्टी नेताओं का कहना है कि दोषियों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। उन्हें अपने किए की सजा जरूरत मिलेगी। बता दें कि इसके पहले भी जम्मू-कश्मीर में भाजपा नेताओं की हत्या हो चुकी है।















