आतंकियों का निशाना चूका, 7 नागरिक जख्मी

पुलवामा में सुरक्षा बलों पर हमले का प्रयास

कश्मीर। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों ने फिर नापाक हरकत की है। कुछ आतंकवादियों ने पुलवामा के त्राल स्टैंड पर सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर हैंड ग्रेनेड से हमला कर दिया, मगर इस कायराना हमले में 7 निर्दोष नागरिक घायल हो गए। सभी को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले के बाद सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाल लिया। फरार आतंकियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। जम्मू-कश्मीर को अशांत रखने के लिए आतंकवादी कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। आए दिन वह सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की फिराक में रहते हैं। इसी क्रम में आतंकियों ने अब पुलवामा के त्राल स्टैंड पर हैंड ग्रेनेड से हमला कर दिया। इस घटना में 7 नागरिक जख्मी हो गए। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अवंतीपोरा के एसएसपी ताहिर सलीम के मुताबिक आतंकियों ने सीआरपीएफ दल पर ग्रेनेड से हमला किया। सीआरपीएफ की टुकड़ी त्राल बस स्टैंड पर तैनात थी। हालांकि आतंकियों का निशाना चूक गया और सुरक्षाकर्मी बाल-बाल बच गए। आतंकियों द्वारा फेंका ग्रेनेड सड़क पर फटने से इसकी चपेट में 7 नागरिक आ गए। हमले के बाद सुरक्षा बलों ने तुरंत क्षेत्र को घेर लिया है। आतंकियों की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान चलाया गया है। पुलिस ने बताया कि आतंकियों ने मौका देखकर सुरक्षा बलों को निशाना बनाने का प्रयास किया। सुरक्षा बल जब तक आतंकियों पर जवाबी कार्रवाई कर पाते वह फरार हो गए। इस हमले के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों ने वाहनों की तलाशी शुरू कर दी है। घटना के बाद पुलिस ने बस स्टैंड के पास सुरक्षा बढ़ा दी है। वहां सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों को जल्द दबोच लिया जाएगा।