आईटीएस डेंटल कॉलेज में 9वें कम्प्रेहैन्सिव इम्प्लांट कोर्स के चौथे मॉड्यूल का आयोजन किया गया

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दिल्ली मेरठ रोड़ स्थित आईटीएस डेंटल कॉलेज ने 9वें कम्प्रेहैन्सिव इम्प्लांट कोर्स के चौथे मॉड्यूल का आयोजन सफलतापूर्वक किया। यह सीडब्ल्यूएम इम्प्लांट्स, साउथ कोरिया के सहयोग से आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में 59 प्रतिभागियों ने भाग लिया जिनमें निजी दंत चिकित्सक, कॉलेज के पूर्व छात्र, संस्थान के दंत चिकित्सक, एमडीएस के विद्यार्थी और विभिन्न कॉलेजों के अध्यापक शामिल थे। कार्यक्रम का आयोजन आईटीएस-द एजुकेशन ग्रुप के वाइस चेयरमैन, अर्पित चड्ढा के सहयोग से किया गया, जिसका उद्देश्य मरीजों के बीच इम्प्लांट्स के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाना था। इस पाठ्यक्रम के गेस्ट स्पीकर प्रसिद्ध वक्ता डॉ. पुनीत आहूजा थे, जिन्हें ओरल इंप्लांटोलॉजी के क्षेत्र में व्यापक ज्ञान प्राप्त है और वे नियमित रूप से इस तरह के कोर्स संचालित कर रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. पुनीत ने सभी प्रतिभागियों को ओरल इंप्लांटोलॉजी की प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। इस पाठ्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों के क्लीनिकल ज्ञान में वृद्धि करना तथा भविष्य में उन रोगियों में इम्प्लांट को सफलतापूर्वक स्थापित करने और लगाने के लिये तैयार करना था जिनके दांत नहीं हैं। डॉ. पुनीत ने पहले और दूसरे दिन एमडीएस के विद्यार्थियों और अन्य दंत चिकित्सकों को ओरल इंप्लांटोलॉजी में आने वाली समस्याओं तथा उनके निवारण के बारे में गहन जानकारी दी।

इसके अतिरिक्त उन्होंने सभी प्रतिभागियों के लिए इंप्लांटोलॉजी से जुड़े नवीन विषयों पर व्याख्यान भी दिये, जिनमें ऑल ऑन फॉर और ऑल ऑन सिक्स कॉन्सेप्ट शामिल थे। इसके अलावा, सर्जिकल गाइड सर्जरी का लाइव प्रदर्शन एवं बेसल इंप्लांट प्रोस्थेटिक फेस पर हैंड्स-ऑन भी किया गया। कार्यक्रम के समापन समारोह में आईटीएस-द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आर.पी. चड्ढा तथा वाईस चेयरमैन अर्पित चड्ढा की उपस्थिति ने समारोह को गौरवान्वित किया। उनके अटूट समर्थन और दूरदृष्टि ने दंत चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इस अवसर पर संस्थान के डायरेक्टर-प्रिंसिपल डॉ. देवी चरण शेट्टी के साथ-साथ सभी दंत विभागों के एचओडी एवं फैकल्टी भी उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस कार्यक्रम के माध्यम से सभी प्रतिभागियों को ओरल इंप्लांटोलॉजी के बारे में नवीनतम ज्ञान प्राप्त हुआ, जिसके लिए सभी ने आईटीएस-द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आर.पी. चड्ढा तथा वाईस चेयरमैन अर्पित चड्ढा को धन्यवाद दिया।