समस्या नहीं समाधान की नीति पर काम कर रहा प्रशासन: दीपक मीणा

-जिलाधिकारी दीपक मीणा ने सुनीं आमजन की समस्याएं, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी दीपक मीणा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रणविजय सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने प्रत्यक्ष रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं, जिसमें जमीन विवाद, पेंशन, सरकारी योजनाओं का लाभ, बिजली, पानी, राशन कार्ड, और अन्य नागरिक सेवाओं से जुड़ी शिकायतें शामिल रहीं। डीएम दीपक मीणा ने अधिकांश मामलों में तत्काल अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए और कई प्रकरणों में मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से संवाद कर समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित कराया।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से लें और बिना किसी देरी के निस्तारित करें, ताकि शासन-प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हो। इस जनसुनवाई को लेकर आमजन में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखी गई और कई लोगों ने अपने मुद्दों को सीधे जिला प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिलने पर आभार व्यक्त किया। जिला प्रशासन द्वारा यह जनसुनवाई कार्यक्रम प्रत्येक सप्ताह आयोजित किया जा रहा है, जिससे शासन की जनता तक सीधी पहुंच बनी रहे और ग्राम स्तर से लेकर शहर तक की समस्याओं का प्रभावी निस्तारण हो सके।