-क्षेत्रीय पार्षद कुसुम मनोज गोयल के नेतृत्व में लगे विशेष शिविर, 122 नागरिकों ने भरवाए मतदाता पंजीकरण फॉर्म
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत कौशांबी स्थित पंचमणि टावर एवं कौशांबी पार्क ए एवं बी ब्लॉक प्लॉट एरिया में शनिवार को नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों का नेतृत्व क्षेत्रीय पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने किया, जहां बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी की। पंचमणि टावर परिसर में आयोजित शिविर में करवा संगठन के महासचिव विनय महेश्वरी, जो कि भाजपा कौशांबी के बूथ अध्यक्ष भी हैं, ने प्रमुख भूमिका निभाई। वहीं कौशांबी पार्क स्थित प्लॉट एरिया में लगाए गए शिविर की जिम्मेदारी भाजपा बूथ अध्यक्ष एस.के. गोयल ने संभाली। दोनों स्थानों पर मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न कराई गई।
इस अवसर पर कौशांबी करवा संगठन के अध्यक्ष अजीत सिंह, समाजसेवी कमल ओबेरॉय, मंडल मंत्री कामिनी भदोरिया सहित मनीष जैन, वेदांता, शिशिर, परितोष, अभिजीत, आनंद शर्मा, राकेश कुमार, भूपेंद्र, संतोष शर्मा, पी.बी. राय, ऋतु जैन, प्रीति महेश्वरी, शगुन, नीतू, चारू जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शिविरों के दौरान नए मतदाताओं को मतदाता सूची में नामांकन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई और आवश्यक प्रपत्र भरवाए गए।
दिन भर चले इस अभियान में लगभग 122 लोगों ने अपने मतदाता पंजीकरण फॉर्म भरकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागिता सुनिश्चित की। क्षेत्रीय पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने इस अवसर पर कहा कि अधिक से अधिक नागरिकों को मतदान के अधिकार से जोड़ना लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है। उन्होंने बताया कि आगे भी इस प्रकार के शिविर आयोजित कर युवाओं एवं नए मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा, ताकि हर पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
















