-स्वस्थ तन और स्वच्छ वायु के लिए नगर निगम और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने मिलाया हाथ
-योग के साथ पौधारोपण को बना रहे जन-जन का संकल्प, नगर आयुक्त ने 21 जून को हर नागरिक से की भागीदारी की अपील
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विश्व योग दिवस की पूर्व संध्या पर गाजियाबाद नगर निगम ने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के सहयोग से गुरुवार को हरित योग दिवस (ग्रीन योगा डे) का आयोजन कर पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर नवयुग मार्केट स्थित अंबेडकर पार्क में फलदार पौधे लगाकर वायु गुणवत्ता सुधार का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में सीपीसीबी के डिविजनल हेड वैज्ञानिक ई. शरणदीप सिंह, सतीश सहित नगर निगम के अनेक वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। उन्होंने न केवल पौधारोपण किया, बल्कि स्वच्छ वायु के लिए एंटी स्मोक गन और जल छिड़काव वाहनों का निरीक्षण कर पर्यावरणीय प्रयासों की सराहना की। अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने बताया कि नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशों पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य गाजियाबाद को प्रदूषण मुक्त, स्वच्छ और हरित नगर बनाना है।
उन्होंने बताया कि योग के साथ-साथ पौधारोपण को भी जन-आंदोलन बनाया जा रहा है, जिससे स्वच्छ हवा, स्वस्थ जीवन की संकल्पना साकार हो सके। इस अवसर पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, मुख्य अभियंता नरेंद्र कुमार चौधरी, महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद, स्वच्छ भारत मिशन टीम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एंटी स्मोक गन के लाइव डेमो के साथ-साथ ट्रिपल आर- रिड्यूस, रियूज़, रीसायकल मिशन के अंतर्गत वेस्ट से बनी कलाकृतियों का प्रदर्शन भी किया गया, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
नगर आयुक्त ने आम नागरिकों से 21 जून को योग के साथ-साथ पौधा लगाने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक पौधा न केवल पर्यावरण की रक्षा करता है, बल्कि भावी पीढिय़ों के लिए एक शुद्ध सांस देने का माध्यम भी बनता है। इस योग दिवस पर हम योग करें, पौधे लगाएं और एक स्वस्थ एवं हरित गाजियाबाद की दिशा में साथ चलें।

















