अफसरों और व्यापारियों की कॉलोनी बनी समस्या का केंद्र, पार्षद ने नगर आयुक्त को लिखा पत्र

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर की पॉश कॉलोनी मानी जाने वाली कौशांबी इन दिनों अतिक्रमण की समस्या से जूझ रही है। यहां के निवासी, जिनमें कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़े व्यापारी शामिल हैं, भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। बुधवार को इस मुद्दे को लेकर पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने नगर आयुक्त को पत्र लिखते हुए ईडीएम रोड पर नाले पर हुए अतिक्रमण को तत्काल हटाने की मांग की। पार्षद ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि पंचमणि, उदयगिरि और रत्नागिरी टावर में रहने वाले निवासी-जिनमें आईआरएस अधिकारी भी शामिल हैं-पिछले कई दिनों से सड़क पर अतिक्रमण और गंदगी की समस्या से जूझ रहे हैं।

उन्होंने कहा, ऐसा लगता है जैसे हम किसी ग्रामीण क्षेत्र में रह रहे हैं, जबकि यह एक विकसित और प्रतिष्ठित शहरी कॉलोनी है। स्थानीय लोगों की मानें तो नाले पर हुए अतिक्रमण की वजह से न केवल गंदगी फैल रही है बल्कि आए दिन ट्रैफिक जाम की समस्या भी बनी रहती है। इससे न केवल रहवासियों का निकलना मुश्किल हो गया है, बल्कि क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। पार्षद कुसुम गोयल ने नगर निगम से मांग की है कि अतिक्रमण हटाने के लिए तुरंत प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके और कॉलोनी की गरिमा बनी रह सके।