पेयजल गुणवत्ता सुनिश्चित करने निगम ने चलाया महा अभियान, 1420 स्थानों पर किए सैंपल टेस्ट

-महाप्रबंधक जल की निगरानी में हर घर पेयजल गुणवत्ता की जांच
-ओवरहेड टैंक और वॉल चैंबर की सफाई कार्य पूरा, लीकेज पॉइंट्स को भी किया ठीक
-आगामी सप्ताह में क्षेत्रीय पार्षदों और आरडब्ल्यूए के सहयोग से विशेष जांच अभियान

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा शहरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने और जल आपूर्ति की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद के नेतृत्व में पिछले 10 दिनों से हर घर पेयजल की जांच की जा रही है। इस दौरान जलकल विभाग, सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों की टीम ने इंदिरापुरम समेत पांचों जोन के 1420 स्थानों से सैंपल लेकर ओटी टेस्ट किया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशानुसार जलकल विभाग ने घर-घर जाकर पानी में क्लोरीन की मात्रा की जाँच की और शहरवासियों से फीडबैक भी लिया। महाप्रबंधक जल ने बताया कि इस दौरान न केवल गुणवत्ता पर ध्यान दिया गया बल्कि प्राप्त शिकायतों के क्रम में 148 लीकेज पॉइंट को भी ठीक कराया गया। इसके अतिरिक्त 42 ओवरहेड टैंक और 21 वॉल चैंबर की सफाई पूरी की गई। डी-सिल्टिंग का कार्य भी महा अभियान के दौरान संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि नगर निगम नियमित रूप से ओवरहेड टैंक और वॉल चैंबर की सफाई कराता है, जिससे शहरवासियों को गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध हो सके।

अगले सात दिनों में निगम योजना के तहत इंदिरापुरम सहित सभी पांचों जोन में क्षेत्रीय पार्षदों और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों से संपर्क कर पेयजल गुणवत्ता की जांच अभियान को और व्यापक बनाएगा। जलकल और जल निगम की संयुक्त टीम मलिन बस्तियों तक भी विशेष अभियान चलाएगी। क्लोरीन स्तर की जांच के अलावा आवश्यकतानुसार उपकरणों की सफाई और पुरानी पाइप लाइनों को बदलने का कार्य किया जाएगा, विशेष रूप से विजयनगर क्षेत्र में पाइपलाइन बदलने की योजना पर कार्य शुरू किया जाएगा। महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को साफ, सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि गाजियाबाद नगर निगम लगातार निगरानी और नियमित परीक्षण के माध्यम से जल आपूर्ति की गुणवत्ता बनाए रखेगा।

विभागीय कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जनसंपर्क बढ़ाते हुए जनता तक अभियान की जानकारी पहुँचाई जाए और यदि कोई समस्या पाई जाती है, तो उसे तत्काल ठीक किया जाए। नगर निगम का यह महा अभियान न केवल नागरिकों की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा को सुनिश्चित करता है बल्कि जलप्रदाय में सुधार और स्थायी निगरानी को भी मजबूत बनाता है। शहरवासियों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की जल गुणवत्ता संबंधी शिकायत के लिए जलकल विभाग को तुरंत सूचित करें। इस अभियान के माध्यम से गाजियाबाद में पेयजल आपूर्ति की स्थिति में सुधार होगा और सभी नागरिकों को समय पर शुद्ध जल मिल सकेगा