-सदीक नगर में 21 करोड़ रुपये की जमीन पर भूमाफिया का था अवैध कब्जा
उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। सरकारी जमीन पर काबिज कर बैठे भूमाफिया के चंगुल से जमीन को मुक्त कराने के लिए नगर निगम ने कवायद तेज कर दी है। दोबारा जमीन पर कब्जा पाए जाने पर कडी कार्रवाई की भी चेतावनी दी है। नगर निगम ने अपनी वर्षों की कब्जाई भूमि को खाली कराने में सफलता हासिल की है। निगम के प्रवर्तन विभाग ने गुरुवार को सदीकनगर में हजारों वर्ग गज जमीन अवैध कब्जे से मुक्त कराई। बाजार भाव में इस भूमि की कीमत करीब सवा बारह करोड़ रुपये आंकी गई है। इस बड़ी कार्रवाई में नगर निगम के अधिकारियों के साथ भारी पुलिस फोर्स मौजूद था।
म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर ने चार्ज लेते ही निगम की भूमि को कब्जे से मुक्त कराना शुरू कर दिया है। पिछले दिनों उन्होंने राजनीतिक प्रयोगशाला की जमीन पर अवैध कब्जे वाली जमीन को खाली कराया। इसके बाद सदीक नगर गांव के हजारों गज जमीन पर वर्षों से कब्जा चला आ रहा है। गुरूवार को सुबह 11 बजे नगर निगम के सिटी जोनल प्रभारी सुधीर कुमार शर्मा एवं निगम के प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल दीपक सरन,संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ ने प्रवर्तन दल की टीम और सिहानी गेट पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई की। जोनल प्रभारी सुधीर कुमार शर्मा ने बताया कि गांव सद्दीकनगर के खसरा संख्या-278,93 95,96,98 में निगम की बंजर भूमि पर भूमाफिया ने कब्जा कर कई कमरे और खेत की जमीन पर कब्जा कर रखा था। प्रवर्तन दल प्रभारी और दस्ते की मौजूदगी में खेत की जमीन पर ट्रैक्टर चलाकर मुक्त कराया।
वहीं,अवैध रूप से कब्जा कर 4 कमरों को तोड़ा गया। इसके अलावा खसरा सख्ंया-93 में 0.1140 हेक्टेयर,खसरा संख्या-95 में 0.1520 हेक्टेयर,खसरा संंख्या-96 की 0.1770 हेक्टेयर,खसरा संख्या-98 की 0.0250 हेक्टेयर,खसरा संख्या-126 की 0.1390 हेक्टेयर,खसरा संख्या-123की 0.0740 और खसरा संख्या-278 की 0.1640 हेक्टेयर समेत कुल 0.8450 हेक्टेयर भूमि कब्जा मुक्त कराई गई। इस भूमि का अनुमानित बाजारी मूल्य लगभग 21 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये है।कब्जा की गई भूमि पर नगर निगम द्वारा कब्जा प्राप्त कर निर्माण विभाग को एवं स्थानीय पुलिस को आवश्यक कार्रवाई हेतु सूचित कर दिया है।
















