-शब-ए-बारात और अन्य त्योहारों पर नगर निगम की भूमिका सराहनीय: पार्षद
उदय भूमि
गाजियाबाद। शहर में शब-ए-बारात पर्व पर नगर निगम द्वारा की गई सुदृढ़ व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए मिर्जापुर वार्ड की पार्षद साजिदा ने नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रकाश, सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को पूरी तत्परता से करता है, जिससे त्योहारों को शांतिपूर्ण और भव्य रूप से मनाया जा सके। नगर निगम ने महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में विशेष व्यवस्थाएं कीं। मस्जिदों और कब्रिस्तानों में रोशनी की उचित व्यवस्था, कचरे के निस्तारण और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया। वार्ड 48 की 8 से 10 मस्जिदों में निगम ने बेहतर इंतजाम किए, जिससे स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम को धन्यवाद दिया। नगर निगम सभी जाति और धर्मों के त्योहारों में अहम भूमिका निभाता है। पार्षदों और नागरिकों द्वारा निगम की इन व्यवस्थाओं की प्रशंसा की गई और भविष्य में भी इसी तरह सक्रिय भूमिका निभाने की उम्मीद जताई गई।
विकास कार्यों पर चर्चा
पार्षद साजिदा ने नगर आयुक्त के साथ मिर्जापुर क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। उन्होंने सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने की आवश्यकता जताई और विभिन्न क्षेत्रों में नगर निगम के सक्रिय योगदान की सराहना की। इस दौरान फहीम चौधरी सहित अन्य क्षेत्रवासी भी उपस्थित रहे।
नगर निगम की सक्रिय भूमिका सभी त्योहारों पर
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि ईद, शिवरात्रि या अन्य धार्मिक पर्वों पर नगर निगम हरसंभव व्यवस्थाएं सुनिश्चित करता है। शिवरात्रि महापर्व के लिए भी निगम पूरी तैयारी कर रहा है –
-मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों की सफाई व्यवस्था
-प्रकाश व्यवस्था को मजबूत बनाना
-पेयजल आपूर्ति को सुनिश्चित करना

















