वैशाली नील पदम कुंज वेलफेयर एसोसिएशन की नव निर्वाचित टीम का पार्षद ने किया स्वागत

-क्षेत्र के हर निवासी को मिले बेहतर सुविधाएं, यही हमारा प्रथम लक्ष्य: कुसुम मनोज गोयल

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सेक्टर-1, वैशाली नील पदम कुंज वेलफेयर एसोसिएशन के चुनाव में निर्वाचित नई टीम का मंगलवार को क्षेत्रीय पार्षद कुसुम मनोज गोयल द्वारा भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने नव-निर्वाचित सदस्यों को माला पहनाकर सम्मानित किया और हर समस्या के समाधान में साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया। इस चुनाव में 10 लोगों ने जीत दर्ज की। टीम के लीडर अंशुल कंचरू और रेखा गुप्ता सहित दीपक गौड़, लोकेश राठौर, निशांत, अखिल अहलावत, वीरेंद्र सारस्वत, पंकज, जी.पी. सरकार और रमेश गुलाटी को सम्मानित किया गया।

पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने सभी नव निर्वाचित सदस्यों को माला पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा, मैं आप सभी को इस महत्वपूर्ण जीत के लिए हार्दिक बधाई देती हूं। यह सिर्फ एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि समाज की बेहतरी के लिए एक नई जिम्मेदारी है। क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हम सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। आपकी हर समस्या के समाधान के लिए मैं हमेशा आपके साथ खड़ी हूं। यदि किसी भी तरह की कोई दिक्कत आती है, तो बेझिझक मुझसे संपर्क करें। क्षेत्र की सफाई, जल आपूर्ति, सुरक्षा और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हम मिलकर योजनाएं बनाएंगे और उनका क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। हर निवासी को बेहतर सुविधाएं मिले, यही हमारा लक्ष्य है।

मैं आशा करती हूं कि नव निर्वाचित टीम अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेगी और क्षेत्र के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएगी। मिलकर हम वैशाली सेक्टर-1 को एक आदर्श और सुव्यवस्थित क्षेत्र बनाएंगे। इस स्वागत समारोह में वरिष्ठ भाजपा नेता अवधेश कटिहार, लता शर्मा, खुशी, विवेक शर्मा, रजनी राठौर, नीलू, शैंकी, विवेक, रश्मि, दीपा बिष्ट, राजकुमार अग्रवाल, रीना, दर्शिका, रितु मेहरा, रिद्धि, आध्या, टीया, नीहा सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस अवसर पर सामुदायिक विकास और स्थानीय समस्याओं के समाधान को लेकर सकारात्मक चर्चा की गई।