हापुड़-मधुबन बापू धाम मार्ग पर अगले पांच माह में बनेगा तेज, सुरक्षित और निर्बाध आवागमन का सपना: नंद किशोर कलाल  

-आरओबी और अंडरपास से हापुड़ से मेरठ तक होगा तेज, सुरक्षित और सीधा आवागमन

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। हापुड़-मधुबन बापू धाम-मेरठ रोड कनेक्टिविटी परियोजना अब अगले पांच माह में पूरी होने की उम्मीद है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने मधुबन बापू धाम योजना में प्रस्तावित रेल-ओवर-ब्रिज और अंडरपास निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आगामी पांच माह में परियोजना को पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया। यह महत्वपूर्ण परियोजना लगभग आठ वर्षों से लंबित थी, लेकिन अब जीडीए, सेतु निगम और रेलवे के संयुक्त प्रयासों से तेजी पकड़ चुकी है। समीक्षा के दौरान बताया गया कि उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम ने अपने हिस्से का अधिकांश कार्य पूरा कर लिया है, जबकि रेलवे द्वारा शेष हिस्से का कार्य शुरू कर दिया गया है। दोनों संस्थाओं ने परियोजना को तय समयसीमा में पूरा करने का आश्वासन दिया है।

अंडरपास/रेल-ओवर-ब्रिज लगभग 600 से 751 मीटर लंबा होगा। इसमें चार लेन यातायात की सुविधा और एक अंडरपास शामिल है। यह हापुड़ से मधुबन बापू धाम होते हुए मेरठ रोड तक सीधी, सुरक्षित और निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगा। परियोजना के पूरा होने पर हापुड़ से मेरठ की यात्रा और अधिक सुगम होगी, जिससे हापुड़ चुंगी तक जाने की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने कहा कि हमने इस परियोजना को प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित विभागों से लगातार समन्वय बनाकर काम करवा रहे हैं। अगले पांच माह में कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह रोड परियोजना न केवल हापुड़ और मेरठ के बीच आवागमन को तेज और सुरक्षित बनाएगी, बल्कि आसपास के क्षेत्रों जैसे मधुबन बापू धाम, गोविंदपुरम और स्वर्ण जयंती पुरम के पांच लाख से अधिक नागरिकों को प्रतिदिन लाभ पहुंचाएगी।

हमारा उद्देश्य सड़क कनेक्टिविटी को अत्याधुनिक बनाना और यातायात की परेशानी को समाप्त करना है। कार्य पूरा होने के बाद हापुड़ से मेरठ की ओर जाने वाले यात्रियों को अब 14 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय नहीं करना पड़ेगा। इस सुधार से समय की बचत होगी, ईंधन की खपत कम होगी और यातायात भार में उल्लेखनीय कमी आएगी। सड़क पर जाम की समस्या कम होगी और हापुड़-मधुबन बापू धाम-मेरठ मार्ग पर यातायात और अधिक व्यवस्थित हो जाएगा। परियोजना के शुरू होने के बाद लागत में वृद्धि और तकनीकी चुनौतियों के कारण कुछ समय तक कार्य धीमा रहा था। लेकिन अब सभी पक्षों के सक्रिय प्रयासों से कार्य पुन: गति पकड़ चुका है। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गुणवत्ता और समयसीमा दोनों का ध्यान रखते हुए कार्य पूरा किया जाए।

जीडीए ने बताया कि परियोजना पूरी होने के बाद यह मार्ग न केवल हापुड़-मधुबन बापू धाम और मेरठ के बीच सीधी कनेक्टिविटी देगा, बल्कि क्षेत्र के विकास में भी मददगार साबित होगा। परियोजना के संचालन से आसपास के बाजार, शैक्षणिक संस्थान और आवासीय क्षेत्र के लोगों को आवागमन में आसान होगी। इस परियोजना के पूरा होने से हापुड़-मधुबन बापू धाम मार्ग पर यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को भी बेहतर बनाया जाएगा। जीडीए उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि निर्माण के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा और परियोजना के संचालन के बाद नियमित निरीक्षण और रखरखाव किया जाएगा।