रेलवे यात्रियों का दुश्मन चढ़ा जीआरपी के हत्थे

-ट्रेनों में सफर कर यात्रियों के बैग उड़ाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, ढाई लाख की ज्वेलरी बरामद

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। रेलवे स्टेशन पर लगातार हो रही चोरी और लूटपाट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) अब पूरी तरह एक्शन में है। यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसर में बढ़ते अपराधों को रोकने के उद्देश्य से जीआरपी ने अपनी निगरानी और चेकिंग व्यवस्था को सख्त किया है। इस क्रम में सोमवार को जीआरपी टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया, जो ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के कीमती सामान पर नजर रखता था और मौका मिलते ही उसे चुराकर फरार हो जाता था। गिरफ्तार आरोपी हामिद पुत्र हासिम, निवासी मुगल गार्डन कॉलोनी, मसूरी लंबे समय से जीआरपी की नजर में था। सोमवार देर शाम प्लेटफार्म नंबर 5/6 पर दिल्ली साइड में लगे गुलर के पेड़ के पास से उसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से करीब ढाई लाख रुपये मूल्य की ज्वेलरी, मोबाइल फोन और 3500 नकद बरामद हुए। उसके खिलाफ पहले से जीआरपी गाजियाबाद थाने में तीन मुकदमे दर्ज हैं, और पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है।

जीआरपी अधिकारियों के अनुसार, हामिद बेहद शातिर तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। वह यात्रियों के बीच ट्रेन में चुपचाप सवार हो जाता, उनके बैग और सामान की रेकी करता और जैसे ही कोई मौका मिलता, बैग लेकर ट्रेन से उतर जाता। खास बात यह थी कि वह बैग में से कीमती सामान निकालकर बाकी सामान को किसी अन्य ट्रेन में रख देता था, जिससे उस पर संदेह न हो। बरामद ज्वेलरी में सोने का गले का हार, नाक की नथ और मंगलसूत्र शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपी चोरी किए गए सामान को बेचकर अपने महंगे शौक पूरे करता था। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में दरोगा सतेंद्र कुमार, मनोज कुमार और सुधीर राठी की भूमिका सराहनीय रही।

जीआरपी की इस सफलता को यात्रियों की सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जा रहा है। सीओ जीआरपी सुदेश कुमार गुप्ता और प्रभारी नवरत्न गौतम ने बताया कि इस गिरफ्तारी से स्टेशन और ट्रेनों में हो रही चोरी की घटनाओं पर निश्चित रूप से अंकुश लगेगा। जीआरपी ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान सतर्क रहें और अपने सामान की निगरानी स्वयं करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना जीआरपी को दें। इसके अलावा, स्टेशन पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा जिसमें यात्रियों को सुरक्षा से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। रेलवे पुलिस का यह अभियान न केवल अपराधियों के मनोबल को तोड़ेगा, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित माहौल भी उपलब्ध कराएगा।

फिल्मी स्टाइल में करता था वारदात
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि हामिद ट्रेन में सवार होकर यात्रियों की रेकी करता, मौका मिलते ही बैग चुरा लेता और फिर किसी अन्य ट्रेन में वही बैग रख देता। चोरी के बाद वह उसमें से कीमती सामान निकालकर बाकी सामान छोड़ देता था ताकि पकड़ में न आए। ये सामान वह बाद में बेच देता और अपने महंगे शौक पूरे करता था।

जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार
जीआरपी ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अपने सामान की सतर्कता से निगरानी करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही जीआरपी द्वारा स्टेशन पर यात्रियों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा, जिसमें पंपलेट, घोषणाएं और डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से जानकारी दी जाएगी।