-3×3 सीनियर स्टेट चैंपियनशिप 2026 में प्रदेशभर की 31 टीमों ने दिखाया दमखम
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शास्त्री नगर स्थित नेहरू वर्ल्ड स्कूल के खेल परिसर में 3×3 सीनियर स्टेट बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2026 का सफल और शानदार आयोजन किया गया। ट्रिपल टैक बास्केटबॉल फाउंडेशन द्वारा उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल संघ (यूपीबीए) के तत्वावधान में आयोजित यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 13 एवं 14 जनवरी तक चली, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आई पुरुष एवं महिला वर्ग की कुल 31 टीमों ने प्रतिभाग किया। चैंपियनशिप का शुभारंभ मुख्य अतिथि जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप जे. के. गौड़, संस्थापक एवं चेयरमैन, जेकेजी एजुकेशन ग्रुप की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और इस उच्च स्तरीय आयोजन के लिए आयोजकों तथा नेहरू वर्ल्ड स्कूल के सहयोग की सराहना की। दो दिवसीय प्रतियोगिता में खेले गए मुकाबले बेहद रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक रहे।
खिलाडिय़ों ने तेज गति, रणनीतिक खेल और उत्कृष्ट टीमवर्क का परिचय देते हुए दर्शकों को रोमांच से भर दिया। आयोजन का प्रमुख उद्देश्य आगामी राष्ट्रीय 3&3 बास्केटबॉल चैंपियनशिप, जो दिल्ली में आयोजित की जाएगी, के लिए श्रेष्ठ खिलाडिय़ों का चयन करना रहा। कड़े संघर्ष और शानदार खेल प्रदर्शन के बाद पुरुष वर्ग में लखनऊ की टीम ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया। अलीगढ़ की टीम उपविजेता रही, जबकि गाजियाबाद की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त कर मेजबान जिले का मान बढ़ाया। महिला वर्ग में यूपी पुलिस की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। नॉर्थ ईस्ट रेलवे की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि बाराबंकी की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया। पूरे आयोजन के दौरान खेल अनुशासन, खेल भावना और प्रतिस्पर्धा का बेहतरीन संतुलन देखने को मिला।
उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई टीमों ने यह साबित किया कि प्रदेश में बास्केटबॉल खेल की प्रतिभा लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है। निर्णायकों की निष्पक्ष भूमिका और आयोजन समिति की सुदृढ़ व्यवस्थाओं ने प्रतियोगिता को और भी सफल बनाया। चैंपियनशिप के समापन अवसर पर आयोजकों ने नेहरू वर्ल्ड स्कूल प्रबंधन, सभी भाग लेने वाली टीमों, निर्णायकों, अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही यह संकल्प भी दोहराया गया कि भविष्य में भी इस प्रकार के खेल आयोजनों के माध्यम से युवा खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढऩे के अवसर प्रदान किए जाते रहेंगे।


















