दुनिया से अलविदा हो गईं पूर्व मिस वर्ल्ड

6 दिन तक जिंदगी के लिए करती रहीं संघर्ष

नई दिल्ली। पूर्व मिस वर्ल्ड नोर्मा कापेग्ली ने 6 दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आखिरकार दम तोड़ दिया। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद वह कोमा में चली गई थीं। पुलिस ने बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है। अर्जेंटीना की नोमा कापेग्ली 17 दिसंबर को घर के पास वॉक करने निकली थीं। इस बीच पीछे से बस ने उन्हें टक्कर मार दी थी। सिर में फैक्चर होने के कारण वह कोमा में चली गई थीं। नोर्मा कापेग्ली (81) ने लंदन में साल 1960 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीता था। उस समय वह सिर्फ 21 साल की थी। खिताब जीतने के बाद उन्हें इनाम स्वरूप 500 पाउंड्स और स्पोट्र्स कार मिली थी। वह इस खिताब को जीतने वाली अर्जेंटीना की पहली महिला थीं। इसके बाद उन्होंने अरमानी और डियोर जैसे प्रतिष्ठित ब्रैंड्स के लिए मॉडलिंग भी की। कुछ वक्त पहले नोर्मा ने साक्षात्कार में बताया था कि उन्हें सिर्फ नकद इनाम मिला था, मगर लग्जरी कार कभी नहीं मिली। मॉडलिंग के अलावा उन्होंने गायक में भी दिलचस्पी दिखाई थी। साल 1962 में नोर्मा ने इटली के वॉयलनिस्ट अर्मांडो के साथ मिलकर सेक्सी वर्ल्ड सॉन्ग को अपनी आवाज दी थी। नोर्मा कुछ समय तक ब्राजील में भी रहीं, मगर साल 1989 में होम सिकनेस के कारण उन्हें अर्जेंटीना वापस आना पड़ा था। वह फिलहाल अर्जेंटीना में रह रही थीं। नोर्मा की भतीजी कार्ला ने कहा कि नोर्मा की मौत बस दुर्घटना से हुई है। कोरोना महामारी के दौर में नोर्मा ने खुद को और आस-पास के नागरिकों को सुरक्षित रखा। वह कोरोना काल खत्म होने के बाद घूमना चाहती थीं। इस उम्र में भी नोर्मा काफी सक्रिय थीं। नोर्मा कापेग्ली ने 60 के दशक में इटली के कारोबारी से शादी रचा ली थी। इसके बाद उन्होंने फैशन जगत को अलविदा कह दिया था। उन्होंने इटली की मैगजीन मेन बाजार के लिए जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम किया था।