आवासीय सेक्टरों की समस्याओं को प्राथमिकता पर हल कराएगा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण

-फेडरेशन व आरडब्ल्यूए के साथ बैठक का शेड्यूल जारी
-प्राधिकरण के अधिकारी और आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधि होंगे शामिल
-शनिवार को फेडरेशन व नेफोवा- नेफोमा के साथ पहली बैठक

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के आवासीय सेक्टर में निवासियों की समस्याएं हल करने के लिए प्राधिकरण के अधिकारी और आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधि नियमित रूप से बैठक करेंगे। प्राधिकरण की टीम बैठकों से प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता पर हल करेगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर एसीईओ श्रीलक्षमी वीएस की तरफ से प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा की अध्यक्षता में टीम गठित कर बैठकों की तिथि तय करते हुए शेड्यूल जारी कर दिया गया है। शनिवार को पहली बैठक ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए और नेफोवा व नेफोमा के प्रतिनिधियों के साथ दो पालियों में हुई। प्राधिकरण के प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में महाप्रबंधक एके सिंह व उप महाप्रबंधक विजय कुमार रावल, सभी वर्क सर्किल के वरिष्ठ प्रबंधक, उद्यान विभाग, जल- सीवर, विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक शामिल रहे।

बैठक में आवासीय सेक्टरों की समस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में सेक्टरवासियों की समस्याएं सुनी गई और उनके समयबद्ध तरीके से समाधान की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। बैठक में सड़क एवं सेक्टरों में कूड़े की सफाई, नालियों व ड्रेनेज की सफाई, खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने तथा क्षतिग्रस्त विद्युत पोल की मरम्मत से संबंधित समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। फेडरेशन के अध्यक्ष देवेंद्र टाइगर, आलोक नागर व अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि कई सेक्टरों में बड़ी संख्या में स्ट्रीट लाइटें खराब हैं, जिसके कारण नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही, क्षतिग्रस्त पोल की शीघ्र मरम्मत की मांग रखी गई। बैठक में आवारा कुत्तों से संबंधित समस्या पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने निर्धारित स्थानों पर डॉग फीडिंग पॉइंट विकसित करने का सुझाव दिया, जिस पर प्रधान महाप्रबंधक ने संबंधित विभाग को आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों व अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से सुझाव लेकर डॉग फीडिंग पॉइंट विकसित करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त, सेक्टरों के पार्कों में नियमित साफ-सफाई एवं अनुरक्षण कार्य सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया। प्राधिकरण अधिकारियों ने फेडरेशन फेडरेशन के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि नागरिक सुविधाओं से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण करते हुए प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान कराया जाएगा। प्राधिकरण की तरफ से बताया गया कि सेक्टरों के प्रवेश द्वार पर तैनात गार्ड या निवासियों को साथ में लेकर फॉगिंग कराई जाएगी।

फागिंग संपन्न होने पर निवासियों से हस्ताक्षर भी लिए जाएंगे। इसी तरह साफ- सफाई, पेड़ों की छंटाई व अन्य कार्यों के पूरा होने पर निवासियों से हस्ताक्षर कराए जाएंगे। सड़कों, ग्रीन बेल्ट की सफाई चरणबद्ध तरीके से कराया जाएगा। शनिवार को ही नेफोमा -नेफोवा के साथ एक और बैठक की गई जिसमें नेफोमा के अध्यक्ष अन्नू खान, उपाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी, रश्मि पांडेय ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट में ट्रैफिक जाम, क्षतिग्रस्त सड़कें, अतिक्रमण आदि समस्याओं को उठाया। प्राधिकरण की तरफ से इन समस्याओं को प्राथमिकता पर हल करने के आश्वासन दिए गए।