-मोदीनगर और लोनी में पति बने हैवान, धारदार हथियार से उतारा मौत के घाट
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दिल्ली से सटे एनसीआर का गाजियाबाद बीती रात खून से सराबोर हो उठा। महज कुछ घंटों के अंतराल में पति-पत्नी के विवाद ने खौफनाक मोड़ लेते हुए दो महिलाओं की हत्या कर दी। दोनों ही मामलों में पतियों पर पत्नियों की हत्या का आरोप है। सनसनीखेज घटनाओं ने जिले में दहशत और आक्रोश का माहौल खड़ा कर दिया है। मोदीनगर थाना क्षेत्र के गांव गदाना में रहने वाली स्वाति की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। देर रात पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर पति ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर पत्नी की जान ले ली। महिला की चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी पति फरार हो चुका था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। दूसरी वारदात लोनी के अंकुर विहार इलाके से सामने आई। यहां भी पति-पत्नी के बीच कहासुनी इतनी बढ़ी कि पति ने गुस्से में पत्नी पर धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या कर दी। पड़ोसियों ने शोर सुनकर पुलिस को सूचना दी। लेकिन इस मामले में भी आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और लगातार दबिश दे रही है। इन दोनों वारदातों ने गाजियाबाद में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के विवाद का इतना भयावह और खूनखराबे वाला रूप लेना समाज के लिए गंभीर चेतावनी है। महिला सुरक्षा और घरेलू हिंसा पर फिर से बहस छिड़ गई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर समाज और प्रशासन इस तरह की घटनाओं पर रोक के लिए क्या ठोस कदम उठा रहे हैं। गाजियाबाद पुलिस ने दोनों ही मामलों में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एडीसीपी स्तर से लेकर थानों की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी में जुट गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दोनों फरार पतियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
















