जनता दर्शन में दिखा सुशासन का असर: DM रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने सुनीं जन समस्याएं, मौके पर हुआ समाधान

-कलेक्ट्रेट में उमड़ी जनता, त्वरित निस्तारण के सख्त निर्देश जारी
-सीएम ऑफिस से लाइव मॉनिटरिंग, डिजिटल जनसुनवाई से बढ़ी पारदर्शिता
-हर कार्यदिवस सुबह 10 से 12 बजे तक अधिकारियों को जन शिकायतें सुनने के निर्देश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान जनसुनवाई की। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर पहुंचे, जिन्हें जिलाधिकारी ने गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जनता दर्शन के दौरान राजस्व विभाग, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, नगर निगम, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों से संबंधित प्रार्थना पत्र एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का शासन की नीति के अनुरूप त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं बल्कि प्रशासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा की जाएगी।

मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जनता दर्शन कार्यक्रम की निगरानी सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय उत्तर प्रदेश द्वारा लाइव कनेक्टिविटी के माध्यम से की जा रही है। इस व्यवस्था के तहत जनसुनवाई की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से मॉनिटर की जा रही है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। जनमानस की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रत्येक कार्यदिवस सुबह 10 बजे से 12 बजे तक आम नागरिकों की शिकायतें अनिवार्य रूप से सुनी जाएं। इस दौरान अधिकारी जूम प्लेटफॉर्म पर लाइव रहकर शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे। जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया।

उन्होंने जूम के माध्यम से संबंधित विभागीय अधिकारियों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए शिकायतों की जानकारी दी और तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए। इस व्यवस्था से शिकायतकर्ताओं को त्वरित राहत मिलने के साथ प्रशासनिक प्रक्रिया भी तेज हुई। कार्यक्रम में पहुंचे नागरिकों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनता दर्शन के माध्यम से उनकी समस्याओं को सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है, जिससे समाधान की उम्मीद बढ़ी है। जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान एडीएम एलए अवनीश सिंह, एडीएम जे अंजुम बी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मौके पर ही कई मामलों में आवश्यक निर्देश जारी करते हुए समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ कराई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी जनता दर्शन के माध्यम से जन शिकायतों का निरंतर निस्तारण किया जाता रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य नागरिकों को सुशासन की अनुभूति कराना तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।