‘संभव’ जनसुनवाई में नगर आयुक्त ने सुनी जनता की शिकायत, त्वरित समाधान के दिए निर्देश

-23 संदर्भ प्राप्त, निर्माण और स्वास्थ्य विभाग से अधिक शिकायतें
– अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण और समयबद्ध समाधान के निर्देश
-पार्षद और सामाजिक संस्थाओं ने साझा की शहर विकास और कल्याण से जुड़ी जानकारियां

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा आयोजित ‘संभव’ जनसुनवाई कार्यक्रम में मंगलवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। इस कार्यक्रम के दौरान कुल 23 संदर्भ प्राप्त हुए, जिनमें निर्माण विभाग से 8, स्वास्थ्य विभाग से 5, उद्यान विभाग से 3, पार्किंग से 3, पशु चिकित्सा विभाग से 2, अतिक्रमण से 1 और नजारत विभाग से 1 संदर्भ शामिल थे। नगर आयुक्त ने कहा कि सभी शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और कोई भी मामला लंबित न रह जाए। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण करने और कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहकर स्थल पर जाकर समस्याओं का वास्तविक आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि समस्याओं का समाधान न केवल तात्कालिक होना चाहिए, बल्कि स्थायी और प्रभावी भी होना चाहिए।

‘संभव’ कार्यक्रम में उपस्थित माननीय पार्षदों ने नगर आयुक्त के समक्ष शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं और आधारभूत संरचना से जुड़े मुद्दों को रखा। इसके अलावा, कई सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने नगर में किए जा रहे सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी साझा की। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त हर शिकायत का निराकरण प्राथमिकता सूची में शीर्ष पर रखा जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल रिपोर्ट दर्ज करने तक सीमित न रहें, बल्कि स्वयं स्थल पर जाकर स्थिति का जायजा लें।

इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, प्रभारी संपत्ति अधिकारी पल्लवी सिंह, मुख्य अभियंता (निर्माण) नरेंद्र कुमार चौधरी और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने जनसुनवाई में प्राप्त संदर्भों का समाधान शीघ्र और प्रभावी ढंग से करने का आश्वासन दिया। नगर निगम के इस पहल से नागरिकों को यह भरोसा हुआ कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जा रहा है और नगर प्रशासन त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कर रहा है। कार्यक्रम के समापन पर नगर आयुक्त ने कहा कि ‘संभव’ जनसुनवाई सिर्फ शिकायत सुनने का मंच नहीं है, बल्कि यह प्रशासन और जनता के बीच विश्वास और सहयोग का पुल भी है।