सैनिकों की भांति डटी नगर निगम की टीम, बरसात में निभा रहा प्रहरी का धर्म

-सैनिकों की भांति काम कर रही टीम, जलभराव, गिरे पेड़ और महामारी से निपटने में कोई कसर नहीं
-महापौर और नगर आयुक्त की अगुवाई में निगम के तीनों विभाग जलकल, उद्यान और स्वास्थ्य फ्रंटफुट पर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मानसून का मौसम आते ही शहर की सबसे बड़ी चुनौती जलभराव, गिरे पेड़ और महामारी का खतरा होती है। लेकिन इस बार गाजियाबाद नगर निगम ने इन चुनौतियों को किसी जंग की तरह लिया है और सैनिकों की भांति हर मोर्चे पर डटकर खड़ा है। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की देखरेख में निगम की टीमें दिन-रात शहरवासियों को राहत पहुंचाने में जुटी हुई हैं।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि गाजियाबाद नगर निगम के सभी विभाग सैनिकों की तरह डटे हुए हैं। बरसात में जलभराव हो तो जलकल विभाग मोर्चा संभालता है, पेड़ गिरने पर उद्यान विभाग डट जाता है और महामारी से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सक्रिय रहता है। हमारा प्रयास है कि हर नागरिक को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण मिले। मैं शहरवासियों से भी अपील करता हूँ कि गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके निगम के कार्य में सहयोग करें। यही भविष्य में समस्याओं का स्थायी समाधान है।

महापौर सुनीता दयाल ने भी नगर निगम की टीमों की तारीफ करते हुए कहा कि हमारे अधिकारी और कर्मचारी वास्तव में सैनिकों की तरह शहरवासियों के हित में कार्य कर रहे हैं। हर विभाग ने जिस तत्परता और जिम्मेदारी का परिचय दिया है, वह गाजियाबाद की ताकत है। यह लड़ाई केवल निगम की नहीं, बल्कि पूरे शहर की है और इसमें जनता का सहयोग भी उतना ही जरूरी है। शहर के विभिन्न इलाकों के निवासियों ने निगम के कामकाज की सराहना की है। लोगों ने कहा कि बरसात के दौरान निगम की टीम मौके पर तुरंत पहुंचकर काम कर रही है। चाहे पानी निकालना हो, पेड़ हटाना हो या गलियों की सफाई हर जगह निगम की मौजूदगी देखी जा रही है। इससे शहरवासियों का विश्वास नगर निगम पर और मजबूत हुआ है।

जलभराव से त्वरित राहत: जलकल विभाग ने संभाली कमान
लगातार हो रही बारिश से शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी। जैसे ही सूचना मिली, जलकल विभाग की टीमें पंप और मशीनरी के साथ मौके पर पहुंचीं और तुरंत पानी की निकासी कराई। नालों की सफाई और पानी के सुचारु प्रवाह के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। कई इलाकों में रातों-रात काम करके लोगों को राहत पहुंचाई गई।

उद्यान विभाग: बरसात में गिरे पेड़ हटाकर आसान किया आवागमन
बरसात के दौरान कई जगह पेड़ गिरने से सड़कें अवरुद्ध हो गई थीं। ऐसे में उद्यान विभाग की टीम ने फुर्ती दिखाते हुए तुरंत पेड़ों को हटाया और आवागमन सुचारु कराया। चिरंजीव विहार में जब एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिरा तो टीम ने मौके पर पहुंचकर कुछ ही देर में उसे हटा दिया। इससे रुका हुआ यातायात दोबारा शुरू हो गया। स्थानीय लोगों ने निगम की तत्परता को सराहा और धन्यवाद दिया।

स्वास्थ्य प्रहरी: महामारी से बचाव के लिए चौकसी
बरसात का मौसम बीमारियों का मौसम भी कहा जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने वार्डों और गलियों में गहन सफाई अभियान शुरू किया है। न सिर्फ मुख्य मार्ग बल्कि आंतरिक कॉलोनियों में भी सफाई की जा रही है। डेंगू और मलेरिया के खतरे से बचाव के लिए फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव किया जा रहा है। सफाई मित्र लगातार स्वास्थ्य प्रहरी के रूप में डटे हुए हैं।

विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त

गाजियाबाद नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। हमारे लिए शहर की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। बरसात के इस मौसम में जल निकासी से लेकर सफाई और पेड़ों को हटाने तक हर विभाग सैनिकों की भांति तैनात है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और सफाई मित्रों की मेहनत से महामारी की किसी भी आशंका को दूर किया जा रहा है। मैं शहरवासियों से अपील करता हूं कि वे भी सहयोग करें और गीला-सूखा कचरा पृथक करने की आदत डालें। जनभागीदारी से ही गाजियाबाद को और स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बनाया जा सकता है।
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त