-गाजियाबाद के नए डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर शुरू किया कार्यकाल, संतों से लिया आशीर्वाद
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद के नव नियुक्त जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने अपने कार्यकाल की शुरुआत आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा से की। बुधवार को शहर आगमन के साथ ही उन्होंने सबसे पहले सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान दूधेश्वर महादेव का पूजन-अर्चन किया और मंदिर के पीठाधीश्वर श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। जिलाधिकारी रवींद्र कुमार मंदर ने भगवान दूधेश्वर का दर्शन कर जलाभिषेक व रुद्राभिषेक भी किया। मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं और संतजनों ने उनके आगमन को शुभ माना। श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने स्वयं उनका स्वागत किया और भविष्य में जनहित में उत्कृष्ट कार्य करने की शुभकामनाएं दीं। 1988 में जयपुर, राजस्थान में जन्मे रविंद्र कुमार मंदार 2013 बैच के आईएएस अधिकारी हैं।
उन्होंने अपनी प्रशासनिक सेवा के दौरान रामपुर, जौनपुर, फिरोजाबाद और आगरा जैसे जिलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। प्रयागराज में उनके कार्यकाल के दौरान 900 से अधिक तालाबों का निर्माण करवाकर जल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने जिलाधिकारी के पिछले कार्यकालों की सराहना करते हुए कहा कि रविन्द्र कुमार मांदड़ ने प्रयागराज में महाकुंभ 2025 जैसे महायोजना का सफल संचालन कर न सिर्फ प्रशासनिक दक्षता का परिचय दिया, बल्कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विश्वास भी अर्जित किया।
उन्होंने यह भी बताया कि मंदर का संपर्क जूना अखाड़े के शीर्ष संतों श्रीमहंत हरि गिरि महाराज, श्रीमहंत प्रेम गिरि महाराज, श्रीमहंत मोहन भारती महाराज से भी आत्मीयता का है। श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर के मीडिया प्रभारी एस. आर. सुथार ने बताया कि जिलाधिकारी रहते हुए रामपुर में मिशन समर्थ अभियान चलाकर उन्होंने 61 दिव्यांग बच्चों की सर्जरी करवाई।
इसके अलावा 900 से अधिक तालाब खुदवाकर भूजल स्तर बढ़ाया और 40,000 से ज्यादा लोगों को रोजगार दिलाकर समाजसेवा और प्रशासन का एक बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया। गाजियाबाद पहुंचने के बाद कोई औपचारिक कार्यालय दौरा या स्वागत नहीं, बल्कि सीधे मंदिर पहुंचना जिलाधिकारी की आध्यात्मिक आस्था और कर्मनिष्ठता का प्रतीक बना। इस कदम ने जनता में एक सकारात्मक संदेश दिया कि नया जिलाधिकारी केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक व सामाजिक मूल्यों के प्रति भी जागरूक है। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, एडीएम एल/ए विवेक मिश्र, एडीएम एफ/आर सौरभ भट्ट, एडीएम सिटी विकास कश्यप, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ.सन्तोष कुमार उपाध्याय, एसडीएम सदर अरूण दीक्षित, एसडीएम लोनीराजेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

















