-किसानों से जमीन खरीदकर सड़क का निर्माण का कार्य होगा पूरा
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में 45 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण में आ रही बाधा को जल्द जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की अगुवाई में दूूर होने वाली है। किसानों की खरीदी जाने वाली जमीन को लेकर वार्ता की जा रही है। जिसकी कमान खुद जीडीए उपाध्यक्ष ने संभाली हुई है। किसानों से जमीन खरीदकर सड़क का निर्माण पूरा हो सकेगा।
जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने बताया कि राजनगर एक्सटेंशन में 45 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण करने के लिए जमीन चिन्हित पहले ही की जा चुकी हैं। इसका एलाइमेंट भी किया जा चुका है। किसानों से आपसी सहमति से सड़क के लिए करीब 40,500 वर्ग मीटर जमीन को खरीदने की प्रक्रिया जल्द शुरू कराई जाएगी। दरअसल,जीडीए की मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना से होकर मनन धाम मंदिर के सामने से होकर राजनगर एक्सटेंशन में यह 45 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण प्रस्तावित है।
मधुबन-बापूधाम योजना में इस रोड का जीडीए द्वारा कई किलोमीटर तक निर्माण कार्य पूरा कराया जा चुका हैं। राजनगर एक्सटेंशन में किसानों से जमीन नहीं मिल पाने की वजह से सड़क का निर्माण पूरा नहीं हो सका है। जीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि राजनगर एक्सटेंशन में लगभग 40,500 वर्ग मीटर जमीन किसानों की खरीदी जाएगी। किसानों से आपसी सहमति के आधार पर जमीन खरीदने के लिए जल्द प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस सड़क का निर्माण होने से राजनगर एक्सटेंशन समेत मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना समेत कई कॉलोनीवासी को लाभ मिलेगा।
इसके अलावा दिल्ली-मेरठ मार्ग से मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना होते हुए डासना में एनएच-9 तक पहुंचना भी लोगों के लिए आसान हो जाएगा। राजनगर एक्सटेंशन में मोरटी, सिकरोड़ व नंगला गांव के किसानों की यह जमीन खरीदी जानी हैं। इसके लिए जीडीए बोर्ड बैठक में पूर्व में ही प्रस्ताव पास हो चुका है। जीडीए के भू-अर्जन अनुभाग द्वारा जमीन चिन्हित करने के बाद इस पर आगे की कार्रवाई की जा रही हैं।
















