राजनगर एक्सटेंशन में आउटर रिंग रोड का 45 मीटर से 60 मीटर चौड़ा विस्तार, ट्रैफिक जाम की समस्या होगी समाप्त

-गाजियाबाद विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने रोड विस्तार और सुदृढ़ीकरण कार्यों की की समीक्षा
-टोटल स्टेशन सर्वे का कार्य पूरा, अगले सप्ताह रिपोर्ट मिलने की संभावना
-नगरीय अवस्थापना निधि से 60 करोड़ की लागत से क्षेत्रीय सड़कें होंगी मजबूत और प्रदूषण मुक्त

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी और ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने बड़े पैमाने पर सड़क विस्तार और सुदृढ़ीकरण का काम शुरू कर दिया है। प्राधिकरण उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने राजनगर एक्सटेंशन की जोनल प्लान रोड, आउटर रिंग रोड और अन्य मुख्य सड़कों के निर्माण एवं सुधार कार्यों की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आउटर रिंग रोड के वर्तमान 45 मीटर चौड़े हिस्से को 60 मीटर चौड़ा किया जाए। इस कार्य के लिए पहले ही टोटल स्टेशन सर्वे (टीएसएस) पूरा कर लिया गया है और अगले एक सप्ताह के भीतर सर्वे रिपोर्ट मिलने की उम्मीद है। यह रोड विस्तार न केवल ट्रैफिक की गति बढ़ाएगा बल्कि जाम की समस्या को भी स्थायी रूप से खत्म करेगा। प्राधिकरण उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने बताया कि गोल चक्कर से बंधा रोड, जो सिटी फॉरेस्ट होते हुए लगभग तीन किलोमीटर और उससे जुड़ी 7 किलोमीटर की आउटर रिंग रोड को शामिल करता है, का मिलान और चौड़ीकरण तेजी से किया जा रहा है।

इसके पूरा होने के बाद सड़क पर वाहन आसानी से चल सकेंगे और राजनगर एक्सटेंशन की बड़ी आबादी को सुविधा मिलेगी। साथ ही प्राधिकरण की हरनंदीपुरम योजना भी इस सुधार से लाभान्वित होगी। इसके अतिरिक्त, नगरीय अवस्थापना निधि के तहत इस क्षेत्र की सड़कों के सुदृढ़ीकरण का कार्य लगभग 60 करोड़ की लागत से किया जा रहा है। इसमें एके चिल्ड्रन सोसाइटी के सामने 18 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण, जीडी गोयनका स्कूल से स्टेडियम तक आउटर रिंग रोड का सुधार और अजनारा सोसाइटी से होकर गुजरने वाली 45 मीटर चौड़ी जोनल सड़क का विस्तार शामिल है। राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में सोना पैलेस से गुलमोहर सोसाइटी के पीछे वाले गेट तक 45 मीटर चौड़ी सड़क और मोरटी मोड़ से राज एम्पायर सोसाइटी तक 24 मीटर चौड़ी जोनल रोड का सुदृढ़ीकरण भी प्रगति पर है। इन सभी कार्यों के पूरा होने के बाद न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि धूल और धक्कड़ से होने वाले वायु प्रदूषण में भी कमी आएगी।

प्राधिकरण उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि राजनगर एक्सटेंशन के सभी प्रमुख मार्गों को व्यापक और सुरक्षित बनाया जाए। रोड चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से नागरिकों को सुविधा तो मिलेगी ही, साथ ही शहर में ट्रैफिक जाम और वायु प्रदूषण की समस्या का भी स्थायी समाधान होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। सड़क सुधार कार्य में शामिल सभी स्टेकहोल्डर्स को समय-समय पर निरीक्षण और रिपोर्टिंग करनी होगी ताकि कार्य में किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए। राजनगर एक्सटेंशन के नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना की और बताया कि आने वाले समय में चौड़ी और सुगम सड़कें उनके आवागमन को आसान बनाएंगी। प्राधिकरण की यह योजना न केवल क्षेत्रीय विकास को गति देगी बल्कि गाजियाबाद को एक व्यवस्थित और आधुनिक शहर की दिशा में अग्रसर करेगी।