विकास की रफ्तार तेज: महापौर ने 4.60 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का किया शिलान्यास

-ट्रांस हिंडन क्षेत्र में पार्क सौंदर्यीकरण और सड़कों के निर्माण से बदलेगी शहर की तस्वीर
-तीन दशक से उपेक्षित पार्कों को मिला नया जीवन, अवैध कब्जे हटाकर शुरू हुआ विकास
-हर वार्ड में आधारभूत सुविधाएं मजबूत करने का लक्ष्य, स्वच्छ और आधुनिक शहर की दिशा में कदम

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर को आधुनिक, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर निगम द्वारा विकास कार्यों की गति लगातार तेज की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को महापौर सुनीता दयाल ने ट्रांस हिंडन क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में लगभग 4 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से होने वाले पार्क सौंदर्यीकरण एवं सड़क निर्माण कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। विकास कार्यों के शुभारंभ के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, निगम अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति रही। शिलान्यास कार्यक्रम के तहत इंदिरापुरम, विजय नगर, वैशाली, राहुल विहार और मकनपुर क्षेत्र में लंबे समय से लंबित आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए कार्य शुरू कराए गए। महापौर ने कहा कि शहर के चारों दिशाओं में अभूतपूर्व विकास कार्य किए जा रहे हैं और नगर निगम का लक्ष्य प्रत्येक वार्ड तक समान विकास पहुंचाना है। इंदिरापुरम क्षेत्र में कई पार्क ऐसे थे जहां लगभग 30 वर्षों से कोई विकास कार्य नहीं हुआ था और कई स्थानों पर अवैध कब्जे भी हो गए थे। नगर निगम द्वारा कार्रवाई करते हुए इन कब्जों को हटाया गया और अब पार्कों के सौंदर्यीकरण का कार्य प्रारंभ कराया गया है।

महापौर ने कहा कि इंदिरापुरम को सुनियोजित और विकसित क्षेत्र बनाने के लिए विशेष योजना के तहत कार्य किए जा रहे हैं, जिससे यह शहर का सबसे बेहतर और आकर्षक क्षेत्र बन सके। स्थानीय निवासियों ने विकास कार्यों की शुरुआत पर महापौर का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। नागरिकों का कहना था कि वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में नगर निगम की यह पहल क्षेत्र के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि नगर निगम द्वारा पार्कों के विकास और हरित क्षेत्र बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पूर्व में मियावाकी पद्धति से बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया, जिसका उद्देश्य शहर के पर्यावरण को बेहतर बनाना और प्रदूषण पर नियंत्रण करना है। उन्होंने कहा कि हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ-साथ टूटी एवं जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण का अभियान भी तेजी से चलाया जा रहा है ताकि नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही शहर की प्रमुख सड़कों के साथ-साथ आंतरिक मार्ग भी बेहतर और साफ-सुथरे दिखाई देंगे। नगर निगम का प्रयास है कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहकर धरातल पर दिखाई दें और नागरिकों को सीधे उसका लाभ मिले।

शिलान्यास किए गए प्रमुख विकास कार्यों में वार्ड 57 मकनपुर गांव में काला पत्थर रोड से श्रीराम मार्केट होते हुए तालाब तक लगभग 1 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य शामिल है। इसी वार्ड के न्यायखण्ड-3 क्षेत्र में मदर डेयरी से पुराने बारातघर होते हुए माता चौक और आंतरिक गलियों में लगभग 1 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कराया जाएगा। वार्ड 2 राहुल विहार में विभिन्न आवासीय मार्गों पर लगभग 42 लाख रुपये की लागत से नाली एवं इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य कराया जाएगा। इसके अलावा वार्ड 87 ज्ञानखण्ड चतुर्थ स्थित भावना इलेक्ट्रॉनिक के सामने पार्क सौंदर्यीकरण के लिए लगभग 18 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। शिप्रा सनसिटी कृष्णा वाटिका पार्क में लगभग 8 लाख रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण किया जाएगा। ज्ञानखण्ड चतुर्थ के टंकी वाले पार्क के विकास हेतु लगभग 12 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि वैशाली स्थित एवेन्यू सोसाइटी 568 के सामने पार्क के सौंदर्यीकरण पर लगभग 14.50 लाख रुपये व्यय होंगे।

न्यायखण्ड तृतीय ग्रीन बेल्ट-67 तथा ज्ञानखण्ड चतुर्थ में अन्य पार्कों के विकास कार्य भी शुरू कराए गए हैं, जिनसे क्षेत्र में हरित वातावरण और नागरिक सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा। कार्यक्रम के दौरान पार्षद अनुज त्यागी, राधेश्याम त्यागी, संजय सिंह, मंजू, नीलम भारद्वाज सहित नगर निगम के सहायक अभियंता श्याम सिंह, अवर अभियंता पूजा सिंह, विनोद कुमार, इंदरजीत सिंह तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और विकास कार्यों की रूपरेखा पर चर्चा की। महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं बल्कि शहर को रहने योग्य, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाना है। पार्कों का विकास, सड़कों का सुधार और हरित क्षेत्र का विस्तार मिलकर गाजियाबाद को एक आधुनिक नगर के रूप में स्थापित करेंगे। नगर निगम द्वारा शुरू किए गए इन विकास कार्यों से स्पष्ट है कि शहर में आधारभूत संरचना को मजबूत करने के साथ-साथ नागरिक जीवन स्तर सुधारने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। आने वाले समय में इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से ट्रांस हिंडन क्षेत्र सहित पूरे गाजियाबाद की शहरी व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव दिखाई देने की उम्मीद जताई जा रही है।