उम्मीद लगाकर बैठी गाजियाबाद की जनता को सीएम योगी से मिली निराशा: इंद्रजीत सिंह टीटू

गाजियाबाद। शहर की जनता को मुख्यमंत्री से बहुत उम्मीद थी। शुक्रवार को गाजियाबाद पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जनता उम्मीद लगाए बैठी थी। गाजियाबाद पहुंचने पर योगी जी कुछ नई योजनाओं की घोषणा करेंगे। लेकिन पुराने कार्यों को ही गिनाकर वापस चले गए। उक्त बातें शुक्रवार को राष्ट्रीय लोकदल (अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ) राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इंद्रजीत टीटू ने कहीं। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री से गाजियाबाद की जनता को बहुत सी उम्मीदें थी कि महापौर के कैंडिडेट के लिए वोट की अपील करने आए हैं। भविष्य के लिए कुछ नई योजनाओं की घोषणा करके जाएंगे। जनता को बताएंगे की आने वाले समय में नगर निगम के द्वारा क्या-क्या नई योजनाएं शहर के विकास के लिए चलाई जाएंगी लेकिन जनता के हाथ खाली रहे।

25 साल निरंतर एक ही पार्टी का महापौर रहने के बावजूद गाजियाबाद में स्थाई डंपिंग ग्राउंड अभी तक नहीं बन पाया। शहर में पटेल नगर सेकंड जैसे कई ऐसे मोहल्ले हैं जहां आज भी आधे घंटे की बारिश में आदमी चल नहीं पाता कार और स्कूटर पानी में डूब जाती है। गरीब जनता को हाउस टैक्स को लेकर कुछ राहत मिलेगी। इस पर भी कोई बात नहीं की गई।  नगर निगम के स्कूलों की हालत आज भी 20 साल पुरानी जैसी है। उस पर भी कोई बात नहीं हुई। ठेली-पटरी वालों के लिए स्थाई स्थान बनाने की कोई नई नीति की घोषणा की जाएगी। लेकिन इस पर भी मुख्यमंत्री के द्वारा कोई घोषणा नहीं की गई। आज भी सत्ताधारी पार्टी यह मान कर बैठी है कि हमको मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के नाम से जनता वोट दे देगी। बिना किसी नई योजनाओं के और बिना किसी गरीब जनता को राहत दिए जबकि ऐसा नहीं है।