बृज विहार के नाले की समस्या का होगा समाधान, मौके पर जाकर म्युनिसिपल कमिश्नर ने लिया जायजा

– म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने शुक्रवार को वसुंधरा जोन का किया निरीक्षण

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। बृज विहार के नाले की समस्या का स्थायी समाधान तलाशा जाएगा। सिर्फ खानापूर्ति के बजाय कुछ ऐसा किया जाएगा जिससे कि कॉलोनी के लोगों को स्थायी रूप से राहत मिले। शुक्रवार को बृज विहार नाले का निरीक्षण करते हुए म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने यह बातें कही। म्युनिसिपल कमिश्नर ने वसुंधरा जोन के अलग-अलग वार्डों में निरीक्षण किया।
पिछले दिनों बृज विहार कॉलोनी के लोगों ने म्युनिसिपल कमिश्नर के समक्ष नाले की समस्या को रखा था। लोगों की शिकायत है कि नाले का गंदा पानी ओवर फ्लो होकर लोगों के घरों में चला आता है। नाले के कारण आसपास प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। निगम अधिकारियों के साथ म्युनिसिपल कमिश्नर स्वयं मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। नाले को लेकर जो अस्थायी समाधान सुझाये गये उससे म्युनिसिपल कमिश्नर संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने इसके लिए कोई ठोस प्लान बनाने की जिम्मेदारी निगम अधिकारियों को सौंपी। म्युनिसिपल कमिश्नर ने नाले में बह रहे गंदा पानी के निकासी के लिए अधिकारियों को आदेश दिया और कॉलोनीवासियों को बताया कि जल्द ही नाले की सफाई कराई जाएगी और समस्या का योजनाबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा। नाले के निरीक्षण के बाद म्युनिसिपल कमिश्नर ने बृज विहार से सटे वार्ड- 94 का निरीक्षण किया गया। चंद्र नगर स्थित सीवर, पानी की टंकी व पंप का निरीक्षण किया। सूर्य नगर स्थित ध्रुव पार्क का निरीक्षण किया और पार्क के सौंदर्यीकरण को लेकर उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज सिंह को निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान म्युनिसिपल कमिश्नर के साथ एसबीएम के नोडल अधिकारी अरुण कुमार मिश्रा, डॉ. अनुज सिंह, सुनील राय, पार्षद एसके माहेश्वरी आदि मौजूद रहे।