-जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, विरोध के बावजूद चला बुलडोजर
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने एक बार फिर अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को इंदिरापुरम के कनावनी डूब क्षेत्र में बनी एक बहुमंजिला अवैध बिल्डिंग को ध्वस्त कर दिया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के स्पष्ट निर्देश पर यह बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई, जो क्षेत्र में लगातार फैल रहे अनधिकृत निर्माणों पर नियंत्रण की दिशा में एक ठोस कदम माना जा रहा है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की प्रवर्तन जोन-6 टीम ने यह ध्वस्तीकरण कार्रवाई इंदिरापुरम योजना अंतर्गत खसरा संख्या 562, ग्राम कनावनी, डूब क्षेत्र, पुस्ता रोड पर स्थित एक अवैध रूप से निर्मित बिल्डिंग पर की। उक्त निर्माणकर्ता राजेंद्र गुर्जर द्वारा बिना अनुमति के इस क्षेत्र में दुकानें और फ्लैट बनवा दिए गए थे, जिसे जीडीए ने अवैध घोषित किया था।
प्रवर्तन जोन-6 के प्रभारी चीफ इंजीनियर आलोक रंजन के नेतृत्व में सहायक अभियंता पीयूष सिंह, अवर अभियंता गोपाल कृष्ण और वी.के. पांडेय की टीम ने जीडीए पुलिस बल और इंदिरापुरम थाना पुलिस की मौजूदगी में बिल्डिंग को ध्वस्त किया। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुलडोजर और हथौड़े से की गई इस कार्रवाई के दौरान स्थानीय अवैध निर्माणकर्ताओं, पुरुषों और महिलाओं ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस बल ने सूझबूझ से स्थिति को नियंत्रण में रखते हुए कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम तक पहुंचाया। ध्वस्तीकरण के बाद जीडीए अधिकारियों ने मौके पर मौजूद नागरिकों को स्पष्ट संदेश दिया कि बिना अनुमति किया गया कोई भी निर्माण बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना ही बड़ा क्यों न हो।
जीडीए प्रवर्तन टीम ने यह भी चेतावनी दी कि आगामी माह में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी और जरूरत पडऩे पर अवैध निर्माणों को सील करने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के इस कदम को शहरी विकास के नियोजित ढांचे को सुरक्षित रखने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की निगरानी में जिस तरह से शहरभर में अनधिकृत कॉलोनियों, अवैध निर्माणों और भू-माफिया पर लगातार कार्रवाई हो रही है, वह यह दर्शाता है कि अब नियमों की अनदेखी कर कोई भी निर्माण नहीं किया जा सकेगा।
















