- महिला सुरक्षा और उत्तर प्रदेश का स्वर्णिम भविष्य-जिला पंचायत बैठक में बनी रणनीति
- डॉ. अंतुल तेवतिया और धर्मजीत त्रिपाठी की अगुवाई में बुलंदशहर ने दिया विकास का नया रोडमैप
- मिशन शक्ति 5.0 पर जोर, हर महिला और बालिका तक पहुँचेगी सुरक्षा और सम्मान की गारंटी
- यूपी@2047 महाभियान में जनता की भागीदारी को अहमियत, सुझाव अपलोड होंगे पोर्टल पर
उदय भूमि संवाददाता
बुलंदशहर। जिला पंचायत सभागार में बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अंतुल तेवतिया और अपर मुख्य अधिकारी धर्मजीत त्रिपाठी ने की। इसमें प्रदेश सरकार की दो प्रमुख पहलें मिशन शक्ति (फेज-5.0) और उत्तर प्रदेश 2047 समृद्धि का शताब्दी पर्व महाभियान-केंद्र बिंदु रहीं। बैठक में विभागीय एजेंडा, महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और आगामी योजनाओं पर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान (फेज-5.0) पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। अध्यक्ष डॉ. अंतुल तेवतिया ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि समाज में हर महिला और बालिका सुरक्षित, सम्मानित और सशक्त महसूस करे। मिशन शक्ति के तहत जो कार्यक्रम चल रहे हैं, वे न केवल महिलाओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करते हैं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के जरिए समाज में सकारात्मक माहौल बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में इसका असर और अधिक दिखाई देगा। बैठक का दूसरा महत्वपूर्ण एजेंडा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आरंभ किया गया उत्तर प्रदेश 2047 समृद्धि का शताब्दी पर्व महाभियान रहा। इस अभियान का उद्देश्य आगामी 25 वर्षों में उत्तर प्रदेश को समृद्ध, सुरक्षित और विकसित राज्य के रूप में स्थापित करना है।
अपर मुख्य अधिकारी धर्मजीत त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश का भविष्य उज्ज्वल है। हमें 2047 तक ऐसा प्रदेश बनाना है, जो न केवल आर्थिक रूप से अग्रणी हो बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक दृष्टि से भी देश का नेतृत्व करे। इसके लिए जनभागीदारी बेहद आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि महाभियान के अंतर्गत जनता के सुझाव लिए जा रहे हैं, जिन्हें पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। ये सुझाव नीतियों के निर्माण और क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाएंगे। बैठक में यह तय हुआ कि मिशन शक्ति अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा ताकि हर महिला और बालिका तक इसका संदेश और लाभ पहुंच सके। साथ ही, उत्तर प्रदेश 2047 महाभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने के लिए जिला पंचायत स्तर पर भी नियमित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अपर मुख्य अधिकारी धर्मजीत त्रिपाठी ने कहा कि बुलंदशहर जिला इस दिशा में एक मॉडल के रूप में कार्य करेगा और अन्य जिलों के लिए उदाहरण बनेगा। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और अपने सुझाव दिए। कई सदस्यों ने महिला सुरक्षा, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने पर बल दिया।
पोर्टल पर अपलोड होंगे सुझाव
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन सभी अपने-अपने सुझाव पोर्टल पर अपलोड करेंगे। इसके लिए विभागीय स्तर पर टीमों का गठन भी किया गया है। डॉ. अंतुल तेवतिया ने कहा कि सरकार की योजनाओं की सफलता तभी संभव है जब आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित हो। इसलिए सुझावों का स्वागत है और उन्हें योजनाओं में शामिल किया जाएगा।
विभागीय एजेंडे पर भी हुई चर्चा
बैठक में मिशन शक्ति और यूपी 2047 के अलावा अन्य विभागीय एजेंडे पर भी गंभीर मंथन हुआ। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत विकास, अवसंरचना और स्वच्छता से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. तेवतिया ने कहा कि विकास की हर योजना का अंतिम लक्ष्य आम जनता का कल्याण है। उन्होंने विभागों को निर्देशित किया कि वे योजनाओं को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से लागू करें। हमारी जिम्मेदारी केवल योजनाएं बनाना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुंचे।

















