-आदर्श बृजवासी विप्र रामलीला मंडल और कृष्ण लीला मंडल के कलाकारों ने पेश किया भावपूर्ण मंचन; झूले-स्टॉल और सुरक्षा व्यवस्था ने उत्सव का अनुभव और बढ़ाया
उदय भूमि संवाददाता
साहिबाबाद। दशरथ मरण, भरत आगमन और भरत मनावन की अति सुंदर लीला का मंचन रविवार को रामलीला मैदान गोल पार्क, राजेंद्र नगर साहिबाबाद में हुआ। इस मंचन ने हजारों दर्शकों को बांध कर रखा और पूरे क्षेत्र में रामलीला के जश्न का माहौल बना दिया। आदर्श बृजवासी विप्र रामलीला एवं कृष्ण लीला मंडल, मथुरा के कलाकारों ने अभिषेक शर्मा (श्रीरामजी), यश शर्मा (लक्ष्मण जी), मनीषा श्री (जानकी जी), भीम सिंह (दशरथ) और मनोज पंडित के दिशा-निर्देशन में लीला का अत्यंत सुंदर मंचन प्रस्तुत किया। कलाकारों की अदाकारी, स्वरूप और भावाभिव्यक्ति ने दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर आरती गहलोत, भारती एवं नेहा सहित अन्य कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुति से रंग भर दिया। रामलीला के मंचन के साथ ही छोटे-बड़े झूले और चटपटे स्टॉल भी मुख्य आकर्षण का केंद्र बने, जिससे बच्चों और बड़ों दोनों को अत्यंत आनंद मिला। आज के मुख्य अतिथि श्री चुन्नीलाल बरेजा, मुख्य संरक्षक श्री संपत कुमार किला और मुख्य संयोजक एसपी सिंह रहे। एसपी सिंह ने बताया कि इस वर्ष की रामलीला अत्यंत सुंदर और दर्शनीय रूप से प्रस्तुत की जा रही है। लोग रात भर बैठकर लीला का आनंद ले रहे हैं और दूर-दूर से संदेश भेजकर रामलीला की प्रशंसा कर रहे हैं।
रामलीला समिति के अध्यक्ष रमाकांत पांडे, महामंत्री राम जी झा, सचिव सत्येंद्र परिहार, राकेश सूद, सुरेंद्र भारती, के. के. दुबे, धर्मेंद्र दुबे, राजेश शर्मा सहित संरक्षक कुसुम सिंह, सोनू मिश्रा, चंदन झा, भूपेंद्र मेहता, ललित मिश्रा, संजय सिंह, गंगा सिंह, नादिर अली, अजय कुमार, दिलीप गुप्ता, कन्हैया जी सभी अपने-अपने जिम्मेदारी क्षेत्रों में पूरे ग्राउंड में उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन का भी विशेष सहयोग मिला। ग्राउंड में सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए महिला पुलिस सहित पूरी टीम लगातार ड्यूटी पर रही। इस व्यवस्था के कारण दर्शकों में विश्वास और सुरक्षा की भावना बनी रही। रामलीला के इस अद्भुत मंचन ने न केवल बच्चों और परिवारों को आनंदित किया, बल्कि साहिबाबाद में सांस्कृतिक और धार्मिक उत्सव का माहौल भी बनाए रखा।
















