टेक्सटाइल की दिशा में आई बड़ी क्रांति, 300 करोड़ डॉलर का हुआ निर्यात: गिरिराज सिंह

केंद्रीय मंत्री निटरा संस्थान में आयोजित राष्ट्रीय तकनीकी सम्मेलन में पहुंचे

गाजियाबाद। केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि टेक्सटाइल की दिशा में वर्ष-2014 के बाद बड़ी क्रांति आई है। नॉर्दर्न इंडिया टेक्सटाइल रिसर्च एसोसिएशन (निटरा) कार्बन फाइबर पर तेजी से काम कर रही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 12 स्टार्टअप सरकार शुरू कर चुकी है। इनकी संख्या बढ़कर जल्द ही 150 होने वाली है। 2014 के बाद टेक्सटाइल की दिशा में बड़ी क्रांति आई है। उन्होंने कहा कि निर्यात बढऩे से विदेश में भी भारत की बड़ी पहचान बनी है। टेक्सटाइल में 300 करोड़ डॉलर का निर्यात हुआ है। वर्ष-2030 में यह लक्ष्य पांच गुना तक बढ़ जाएगा। जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। गुरूवार को यह बातें सेक्टर-23 संजय नगर स्थित निटरा (नॉर्दर्न इंडिया टेक्सटाइल रिसर्च एसोसिएशन) के राष्ट्रीय तकनीकी सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहीं।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि टेक्सटाइल के क्षेत्र में वैसे कई संस्थाएं काम कर रही हैं, लेकिन निटरा फाइबर तकनीक पर रिसर्च कर रही है। वर्ष-2014 से पहले इस पर किसी ने भी काम नहीं किया। प्रधानमंत्री ने 1500 करोड़ रुपए टेक्सटाइल रिसर्च के लिए दिए हैं। नायलॉन और फाइबर का उत्पादन बढ़ाने के साथ उसकी गुणवत्ता के सुधार पर भी वैज्ञानिक काम कर रहे हैं। नायलॉन, टायर बनाने में भी काम आता है। इस दौरान गिरिराज सिंह ने निटरा के नॉन वूमेन व फाइबर स्पिनिंग प्लांट का फीता काटकर उद्घाटन किया। निटरा में 25 साल की अवधि पूरा कर चुके 25 कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान निटरा के चेयरमैन विदित जैन,डिप्टी चेयरमैन संदीप होरा,डॉ. प्रकाश वासुदेवन, सिटरा के निदेशक प्रग्नेश शाह,निटरा के महानिदेशक अरिंदम बासु,वस्त्र मंत्रालय के राजीव सक्सेना, रूप राशि आदि अनेक लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनी में दिखाए गए उत्पाद व मशीनें:निटरा के वैज्ञानिकों ने कपड़े की गुणवत्ता सुधार और कम समय में अधिक उत्पादन देने वालीं मशीनों की भी प्रदर्शनी में जानकारी दी।

इस दौरान उन्होंने सेना के जवानों के लिए बनाए गए कपड़ों का प्रदर्शन किया। अधिक सर्दी और गर्मी में त्वचा को राहत पहुंचाने वाले कपड़ों के बारे में भी उन्होंने प्रदर्शनी में जानकारी दी। खादी के कपड़ों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। जनसंख्या नियंत्रण, बहराइच, मुजफ्फरनगर में हुए विवाद व बिहार सरकार पर पूछे गए सवाल पर गिरिराज सिंह ने चुप्पी साध ली। उन्होंने कहा कि जिस कार्यक्रम में शामिल होने आए हैं, उसी से जुड़े सवालों पर वह जवाब दे सकते हैं। सेक्टर-23 संजय नगर स्थित निटरा संस्थान में वस्त्र अनुसंधान संस्थान अटीरा, बिटरा, सिटरा और निटरा द्वारा संयुक्त रूप से 62वें ज्वाइंट टेक्नोलॉजिकल कांफ्रेस का आयोजन किया गया।

इस सम्मेलन में वस्त्र एवं परिधान उद्योग के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। दो दिवसीय इस कांफ्रेस का शुभारंभ गुरुवार को मुख्य अतिथि केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने किया।  उन्होंने वस्त्र उत्पाद एवं तकनीक संबंंधित प्रदर्शनी,पोस्टर प्रस्तुतीकरण तथा निटरा के नॉन वूवेन प्लांट और फाइबर स्पिनिंग प्लांट का भी उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने निटरा संस्थान के प्लांट का भी निरीक्षण किया।