मोदी सरकार पर पिछले दस साल में भ्रष्टाचार का एक भी नहीं लगा दाग: राजनाथ सिंह

-रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग के समर्थन में की जनसभा

गाजियाबाद। लोकसभा सीट के प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार के लिए पहुंचे केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्षी गठबंधन पर जमकर कटाक्ष किए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में गठबंधन भाजपा का सामना नहीं कर सकता है,क्योंकि देश की जनता मोये-मोये कर देगी। राजनाथ सिंह ने कहा कि दुनिया की कोई भी ताकत भारत को रामराज्य बनने से नहीं रोक सकती है।उन्होंने कहा कि वर्ष-2027 तक भारत दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। यह बातें बुधवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने घंटाघर स्थित रामलीला मैदान में लोकसभा सीट से भाजपा-रालोद के संयुक्त प्रत्याशी अतुल गर्ग के समर्थन में आयोजित जनसभा के दौरान कहीं।भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग के समर्थन में प्रचार करने आए राजनाथ सिंह ने कहा कि विपक्षी गुट लोकसभा चुनावों में एनडीए का मुकाबला करने के लिए संघर्ष करेगा। भाजपा से लड़ने और उसे हराने के लिए कई विपक्षी दल एक साथ आए। हालांकि, वह एनडीए का सामना भी नहीं कर सकते हैं। इस देश की जनता इनका भी मोये मोये कर देगी। राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि जब अपने लोकसभा चुनाव के सफर की शुरुआत कर रहे थे, तब वर्ष-2009 में भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते हुए सबसे पहले लोकसभा चुनाव गाजियाबाद से ही लड़ा था। उस वक्त भाजपा के पक्ष में माहौल नहीं था, लोगों ने कहा कि यहां से चुनाव न लड़ूं, लेकिन मैंने यहीं से चुनाव लडऩे का ठाना और गाजियाबाद की जनता ने मुझे लोकसभा चुनाव में जीत दिलाई।

रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि गाजियाबाद के लोगों ने जब भी समय मांगा, मैंने उनको दिया है। मैं गाजियाबाद का एहसान कभी नहीं भूलूंगा। जब तक राजनीति में रहूंगा, तब तक गाजियाबाद का था, हूं और रहूंगा। उन्होंने कहा कि वर्ष-2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव के प्रचार की शुरुआत मेरठ से की गई थी। प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में मेरठ की भूमिका अहम रही। यही वजह है कि मैंने तय किया कि अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत गाजियाबाद से करूंगा। जनसभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि 2009 में मुझे सांसद बनाने के बाद गाजियाबाद की जनता ने 2014 और 2019 के चुनाव में जनरल वीके सिंह को अपना प्यार और आर्शीवाद देकर सांसद बनाया। अब पार्टी ने अतुल गर्ग को प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया है। अतुल गर्ग को विरासत से बहुत कुछ मिला है। उनके पिता दिनेश चंद गर्ग गाजियाबाद के पहले महापौर रह चुके हैं। 2009 से जीत का सिलसिला जो जारी है वह जारी रहना चाहिए। गाजियाबाद मेरा परिवार है, अतुल गर्ग के सांसद बनने के बाद परिवार का आभार व्यक्त करने आऊंगा।

रक्षामंत्री का अंदाज रहा निराला:
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की जनसभा में भारी भीड़ उमड़ी। वह लोकसभा प्रत्याशी अतुल गर्ग के नामांकन दाखिल करने से पूर्व रामलीला मैदान में जनसभा में पहुंंचे। यहां पर उनका भाजपाइयों ने बड़ी फूलमाला से जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद लोकसभा सीट से सफर शुरू किया था।यहां के लोगों का अहसान जिंदगी भर नहीं भूलूंगा। जहां भी रहूंगा, जिस पद पर रहूूंगा, गाजियाबाद का साथ कभी नहीं छोड़ूंगा। आपका हूं और आप का रहूंगा। कहा कि लंबे समय बाद गाजियाबाद में सार्वजनिक सभा में शामिल हो रहा हूं। उन्होंने कहा कि वर्ष-2009 में यहां से सांसद बना,लेकिन पार्टी ने अब मुझे लखनऊ भेज दिया। जनरल वीके सिंह को भी यहां की जनता ने भारी बहुमत से जिताया। वीके सिंह ने अपनी भूमिका को बेहतरीन तरीके से निभाया। पार्टी का दस्तूर है कि प्रत्याशी बदलती है।भाजपा ने अब अतुल गर्ग को टिकट दिया है। अतुल गर्ग में कार्य करने की अदभुत क्षमता है। उन्हें विरासत में राजनीति मिली है। राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर किया। दुनिया की 5वीं बड़ी अर्थव्यवस्था बनी है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में भारत की बात सुनी जाती है।

रूस और यूक्रेन के युद्ध को चार घंटे तक रोककर लोगों को बाहर निकाला गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की करिश्माई नेतृत्व से ही यह संभव हुआ। देशभर में चौड़ी-चौड़ी सड़कें बनी हैं। सेना के जवानों ने संदेश दे दिया है कि देश अब कमजोर नहीं है। रक्षामंत्री ने कहा कि भारत ने किसी देश के जमीन पर कब्जा नहीं किया है लेकिन हम पर आंख दिखाने वालों को मुंहतोड़ जवाब देंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि आपके शहर की प्रथम नागरिक महापौर सुनीता दयाल का नाम लेते हुए कहा कि कोई उनसे टकराकर तो देखे,बहुत कलेजे वाली है। जनसभा में इस बात पर राजनाथ सिंह भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। कुछ देर रुकते हुए कहा कि आगे की बात नहीं कहूंगा। बोलने की क्षमता अगर किसी में है तो सुनीता दयाल में है।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सुनील शर्मा को कैबिनेट मंत्री बनाया है। यह गर्व की बात है। मंच पर पहुंचने के बाद राजनाथ सिंह ने श्रीमहंत नारायण गिरि के पैर भी चरण स्पर्श किए। जनसभा में महापौर सुनीता दयाल, लोकसभा प्रत्याशी अतुल गर्ग, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल, पूर्व महापौर आशु वर्मा, पूर्व महापौर आशा शर्मा, विधायक अजितपाल त्यागी, राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष अमित त्यागी, धौलाना विधायक धर्मेश तोमर, विधायक नंदकिशोर गुर्जर, सिद्धपीठ दूधेश्वर नाथ मंदिर के श्रीमहंत नारायण गिरि, आध्यात्मिक गुरु पवन सिन्हा, लोकसभा प्रभारी मानवेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया।

इस दौरान प्रभारी विजय शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, जिलाध्यक्ष सत्यपाल प्रधान, नरेश तोमर, पूर्व सांसद रमेश चंद्र तोमर, बालेश्वर त्यागी, पूर्व विधायक कृष्णवीर सिरोही, मयंक गोयल, अशोक मोंगा, सरदार एसपी सिंह, विजय मोहन, गुंजन शर्मा बलदेव राज शर्मा, मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी आदि उपस्थित रहे। मंच संचालन संयोजक अजय शर्मा ने किया। भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने आभार प्रकट किया। जनसभा के बाद प्रत्याशी अतुल गर्ग विधायकों के साथ कलेक्ट्रेट में नामांकन दाखिल करने के लिए पहुंचे। कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, विधायक नंद किशोर, विधायक अजीत पाल त्यागी, विधायक धर्मेश तोमर के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह के समक्ष अपना नामांकन दाखिल किया। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए व भाजपा सरकार की प्राथमिकता देश को विकसित भारत बनाना है और इसके लिए देश की जनता का पूर्ण समर्थन भाजपा को मिल रहा है। कोरोना काल में स्वास्थ्य सेवाओं में देश ने पूरे विश्व में पहचान बनाकर लगभग 100 देशों को मुफ्त वैक्सीन देकर लोगों की जान बचाई। उन्होंने कहा कि भाजपा-रालोद प्रत्याशी अतुल गर्ग भी जीतकर नया रिकॉर्ड बनाऐंगे। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहें हैं। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए सरकार कार्रवाई कर रही है। लोकसभा प्रत्याशी अतुल गर्ग ने लोगों को विश्वास दिलाया कि वह उनके भरोसे पर खरे उतरेंगे और जनता के बीच में रहकर क्षेत्र का विकास कराएंगे।