पीडि़त महिलाओं के मामलों में न बरती जाए लापरवाही: डॉ. मीनाक्षी भराला

-महिला आयोग की सदस्या ने किया भोजपुर आंगनवाड़ी, वन स्टॉप सेंटर व महिला थाना का निरीक्षण

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या डॉ. मीनाक्षी भराला ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पीडि़त महिलाओं के मामलों में किसी भी प्रकार की कोई भी लापरवाही न बरती जाए। उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान कराया जाए। उनकी समस्याओं की जल्द सुनवाई हो और सरकार की ओर से दी जाने वाली सुविधाओं की भी जानकारी होनी चाहिए। मंगलवार को राज्य महिला आयोग की सदस्या डॉ. मीनाक्षी भराला जनपद में महिलाओं की समस्याएं सुनने के लिए यहां पहुंची थी। उन्होंंने ब्लॉक भोजपुर में आंगनवाड़ी केंद्र और लोहियानगर स्थित महिला थाना,कस्तूरबा विद्यालय का निरीक्षण भी किया। दोपहर बाद महिलाओं से जुड़े मामलों की सुनवाई की। निरीक्षण के दौरान भोजपुर ब्लॉक प्रमुख सुचेता सिंह, प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी स्वाति पाठक, मुख्य सेविका सुमन शर्मा, उपस्थित रहीं। मीनाक्षी भराला ने पाठशाला पूर्व शिक्षा का निरीक्षण किया।

उन्होंने केंद्र में आने वाले बच्चों,गर्भ वती महिलाओं को मिलने वाले पुष्टाहार, टीकाकरण आदि की जानकारी ली। गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की। बच्चों से उनके ज्ञान के संबंध में जानकारी ली गई। सुपोषण दिवस में सहभागिता कर मार्गदर्शन दिया गया। अन्नप्रासन, गोदभराई कर लाभार्थी को अपना बहुमुल्य समय देकर बच्चो को हॉट कुक फूड वितरण किया गया। इसके बाद आयोग की सदस्या ने सेक्टर-23 संजयनगर स्थित संचालित वन स्टाप सेंटर का निरीक्षण कर सेंटर की कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी ली गई। सेंटर में आने वाले मामलों,उनके निस्तारण से लेकर सूचना मिलने पर टीम का रिस्पांस टाइम से लेकर काउंसिलिंग की जानकारी ली। सेंटर मैनेजर को निर्देेशित किया। उन्होंने पीडि़त महिलाओं की समस्याओं को सहजता के साथ सुनते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित व गुणवत्तापूर्वक समाधान कराए जाने के निर्देश दिए। इसके बाद नेहरूनगर स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय का निरीक्षण किया। हाल ही में यहां से चार बालिकाओं के लापता होने के मामले में भी उन्होंने जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाने के निर्देश दिए।

भ्रमण कार्यक्रम के बाद विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में आयोग की सदस्या मीनाक्षी भराला ने महिलाओं की समस्याओं को सुना। महिलाओं ने पुलिस विभाग से संबंधित समस्याएं बताई। उन्होंने बैठक में महिला थाना प्रभारी रितु त्यागी,एएचटीयू प्रभारी तरूण सिंह को जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करते हुए इनकी निस्तारण आख्या प्रेषित करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसीपी श्वेता यादव,एसीएमओ डॉ.राकेश,जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह, एडीआईओएस सतीश कुमार पांडे, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर आदि अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के बाद महिला आयोग की सदस्या ने लोहियानगर स्थित महिला थाने का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एफआईआर रजिस्टर व महिलाओं से संबंधित केस की जानकारी ली गई।