• नगर आयुक्त ने इंदिरापुरम में विकास कार्यों को रफ्तार देने के लिए अधिकारियों संग किया मंथन
• हाउस टैक्स कलेक्शन के लिए इंदिरापुरम शहर वासियों का चल रहा डाटा कलेक्शन, 38000 भवन शेष
गाजियाबाद। इंदिरापुरम के विकास कार्यो को लेकर गुरुवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निगम अधिकारियों के साथ अपने कार्यालय में बैठक की। बैठक के दौरान इंदिरापुरम के विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की गई, विकास कार्यों के साथ हाउस टैक्स कलेक्शन बढ़ाने के लिए भी डाटा कलेक्शन की जानकारी ली गई। जिससे इंदिरापुरम में विकास कार्यों के साथ-साथ नगर निगम की आमदनी भी बढ़ाई जा सकें। बैठक में अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश कुमार, प्रभारी उद्यान डॉ अनुज कुमार सिंह, महाप्रबंधक जल विजयनारायण मौर्य, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ संजीव सिन्हा, मुख्य अभियंता निर्माण एन.के. चौधरी व अन्य टीम उपस्थित रहे।
नगर आयुक्त ने बैठक में अधिकारियों को इंदिरापुरम के क्षेत्र में विकास कार्य प्रारंभ करने के लिए निर्देश दिए और टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के लिए कहा। जिससे इंदिरापुरम के विकास कार्यों को जल्द से जल्द शुरु कराया जा सकें।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश कुमार को इंदिरापुरम की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कहा और उपकरणों के माध्यम से वायु गुणवत्ता सुधार के लिए किए जा रहे कार्यों को इंदिरापुरम में भी अभियान के रूप में चलाने के निर्देश दिए। निर्माण, जलकल, उद्यान तथा अन्य विभागों को नगर आयुक्त ने 15 दिन के अंदर सभी टेंडर प्रक्रिया पूर्ण करते हुए कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ संजीव सिन्हा को नगर आयुक्त ने तेजी से इंदिरापुरम भवनों का डाटा कलेक्शन करने के निर्देश दिए। संबंधित टैक्स विभाग द्वारा 56000 में से 18000 का डाटा कलेक्ट किया जा चुका है। जल्द ही इंदिरापुरम अंतर्गत आने वाली सभी संपत्तियों का डाटा कलेक्ट किया जाएगा। कार्यवाही पूर्ण होने के उपरांत टैक्स कलेक्शन की कार्यवाही को रफ्तार दी जाएगी। नगर निगम अधिकारी जनप्रतिनिधियों से लगातार समन्वय स्थापित करते हुए इंदिरापुरम के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में विकास कार्य करने की योजना बनाने में जुट गए है। जिससे इंदिरापुरम में विकास कार्यों करने के साथ निगम की आमदनी भी बढ़ाई जा सकें।


















