शिवालयों व कांवड़ यात्रा मार्ग पर सफाई व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद व्यवस्था में जुटे निगम अधिकारी

गाजियाबाद। सावन माह के शुरु होते ही कांवड़ यात्रा शुरु हो गई है। लाखों की संख्या में शिवभक्त कांवडिय़े गाजियाबाद से होकर गुजरेंगे। इसे देखते हुए नगर निगम की टीम भी सफाई व्यवस्था में जुट गई है। श्रावण मास के पहले दिन एवं पहले सोमवार को शिवालयों के बाहर नगर निगम द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाया गया। कांवड़ शिविर की शुरुआती चरण में भी भरपूर सहयोग किया जा रहा है। शिव भक्तों के लिए लगाए जाने वाले सभी कांवड़ शिविर पर सफाई व्यवस्था सुदृढ़ किया गया है। नगर निगम निर्माण विभाग द्वारा दूधेश्वर नाथ प्राचीन मंदिर के परिसर और आसपास आवश्यकता अनुसार बैरिकेटिंग की व्यवस्था की गई। निर्धारित कांवड़ रूट पर निरीक्षण करते हुए पेचवर्क का कार्य तेजी से कराया गया।

इसी प्रकार प्रकाश विभाग द्वारा भी मेरठ रोड, मोहन नगर चौराहा, दुहाई, दूधेश्वर नाथ मार्ग, जस्सीपुरा, अर्थला रोड वह अन्य संबंधित मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था को सुचारू किया गया। आवश्यकतानुसार नई लाइट भी लगाई गई। इसी प्रकार समस्त विभागीय अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। कावड़ यात्रा सुखद और सरल बनी रहे इसके लिए लगातार नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मुस्तैद नजर आए। शिव भक्तों को आवागमन में परेशानी ना हो यात्रा सफल हो इसके लिए नगर आयुक्त ने भी शहरवासियों से सहयोग की अपील की है। जिसके क्रम में मार्गो को पूर्ण रूप से व्यवस्थित बनाए रखना, मार्गो को खाली रखना, पंडाल को मार्गो से हटाकर लगाना अन्य के लिए शहर वासियों को जागरूक किया जा रहा है।

आयोजकों से पंडाल में लाइट और पानी की व्यवस्था को भी किसी भी अप्रिय घटना ना हो ध्यान में रखते हुए व्यवस्थित करने के लिए अपील की गई है। कांवड़ यात्रा मार्ग क्षेत्र में ब्लीचिंग पाउडर, मैलाथियान डस्ट और चूने का नियमित छिड़काव के साथ एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग करवाई जा रही है। कांवड़ यात्रा को जीरो प्लास्टिक इवेंट बनाने के प्रयास किए जाएं। जनसहयोग से श्रद्धालुओं के रात्रि विश्राम के लिए उचित व्यवस्था रहे।