थर्मोकूल होम एप्लांयसेज लिमिटेड को वर्ष 2026 के राजकीय पुरस्कार के लिए चयन, उद्योग और रोजगार में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिली मान्यता

-उत्पादन वृद्धि, तकनीकी उन्नयन और रोजगार सृजन में उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए राज्य सरकार ने किया सम्मानित
-सीएमडी राजीव कुमार गुप्ता ने निवेशकों के भरोसे और प्रदेश के औद्योगिक विकास पर व्यक्त किया गर्व

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक मानचित्र पर गाजियाबाद की प्रतिष्ठित थर्मोकूल होम एप्लांयसेज लिमिटेड ने एक बार फिर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है। उत्पादन वृद्धि, रोजगार सृजन और राज्य की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में उल्लेखनीय योगदान के लिए कंपनी को वर्ष 2026 के राजकीय पुरस्कार हेतु चयनित किया गया है। यह सम्मान आगामी 24 जनवरी को लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) राजीव कुमार गुप्ता को प्रदान किया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा यह पुरस्कार उन उद्यमियों और औद्योगिक संस्थानों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ-साथ उत्पादन क्षमता में विस्तार, निवेश को प्रोत्साहन और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन के माध्यम से उत्तर प्रदेश की आर्थिक मजबूती में अहम भूमिका निभाई हो।

थर्मोकूल होम एप्लांयसेज लिमिटेड ने इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह गौरव हासिल किया है। उल्लेखनीय है कि थर्मोकूल इससे पहले भी प्रदेश सरकार के विश्वास पर खरी उतर चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पूर्व में कंपनी को उत्पादन ग्रोथ और अतिरिक्त रोजगार सृजन के लिए 30 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई थी। इस सहायता से कंपनी ने अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ तकनीकी उन्नयन और मानव संसाधन के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया, जिसका सकारात्मक प्रभाव सीधे तौर पर स्थानीय युवाओं के रोजगार और क्षेत्रीय विकास पर पड़ा। राजकीय पुरस्कार के लिए चयन पर कंपनी के सीएमडी राजीव कुमार गुप्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार उद्योगों के अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए लगातार प्रभावी और दूरदर्शी कदम उठा रही है।

उन्होंने कहा कि सशक्त कानून व्यवस्था, पारदर्शी नीतियां और सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पाया है, जिससे निवेशकों का विश्वास प्रदेश पर और मजबूत हुआ है।
राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश ही नहीं, बल्कि विदेशी निवेशकों के लिए भी एक आकर्षक औद्योगिक गंतव्य बनकर उभरा है। बड़ी संख्या में बाहरी निवेशक तेजी से अपनी औद्योगिक इकाइयां प्रदेश में स्थापित कर रहे हैं, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिल रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि थर्मोकूल होम एप्लांयसेज लिमिटेड शीघ्र ही अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित एक विशाल और आधुनिक नई यूनिट का शुभारंभ करने जा रही है। यह नई इकाई न केवल उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि करेगी, बल्कि सैकड़ों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर भी प्रदान करेगी।

सीएमडी राजीव कुमार गुप्ता ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में थर्मोकूल देश के प्रमुख और भरोसेमंद ब्रांडों में शुमार होगा। कंपनी का लक्ष्य गुणवत्ता, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत की भावना के साथ आगे बढ़ते हुए उत्तर प्रदेश की जीडीपी ग्रोथ में महत्वपूर्ण योगदान देना है। थर्मोकूल की यह उपलब्धि न केवल कंपनी के लिए, बल्कि गाजियाबाद और पूरे प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए एक प्रेरणास्रोत मानी जा रही है।