गाजियाबाद। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग द्वारा व्यक्तिगत श्रेणी के अंतर्गत राज्य स्तरीय विवेकानंद यूथ अवार्ड के लिए 1 अप्रैल 2021 से 31 मार्च 2024 तक में किए गए सराहनीय कार्यों के आधार पर पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने बताया कि यह पुरस्कार युवाओं को विकास कार्यक्रमों के विभिन्न क्षेत्रों जैसे खेलकूद, सामाजिक वृक्षारोपण, परिवार कल्याण, अल्प बचत, रक्तदान, नशामुक्ति, जल संरक्षण, पुस्तकालय एवं वाचनालय की स्थापना एवं संचालन, जैविक खेती, सौर ऊर्जा, संयंत्र स्थापना, स्वच्छता कार्यक्रम, राष्ट्रीय एकीकरण, साक्षरता, आपदा प्रबंधन, मतदाता जागरूकता, स्वास्थ्य अनुसंधान, कला, संस्कृति और साहित्य, मानव अधिकारों को बढ़ावा देना, पर्यटन, पारंपरिक चिकित्सा, सक्रिय नागरिकता, सामुदायिक सेवा,खेल और शैक्षिक उत्कृष्टता एवं स्मार्ट लर्निंग एवं सामाजिक महत्व के किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्योंं को विशिष्ट पहचान देने के लिए पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
पात्र व्यक्ति 15 से 35 वर्ष की आयु के बीच होना चाहिए। इसका निर्धारण वर्ष के 1 जनवरी को नामांकन के समय के अनुसार होगा। सीडीओ ने बताया कि विगत 3 वर्षों में उक्त क्षेत्रों में पहचान योग्य कार्य किया गया हो। विवेकानंद यूथ अवार्ड (व्यक्तिगत श्रेणी)में इच्छुक युवा किसी भी कार्य दिवस में जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी कार्यालय विकास भवन कमरा नंबर-223 से आवेदन का प्रारूप नि:शुल्क प्राप्त कर अपने प्रस्ताव पुलिस सत्यापन आख्या सहित जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी के कार्यालय में 25 अगस्त तक तीन प्रतियों में उपलब्ध कराने करा सकते हैं।















