-नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने प्रगणक महीप सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया उत्साह
-मोहन नगर जोन ने सबसे पहले पूरा किया मकान सूचीकरण कार्य, अन्य जोनों को तेजी लाने के निर्देश
-जनगणना राष्ट्र सेवा का कार्य, जिम्मेदारी और ईमानदारी से निभाएं ड्यूटी : नगर आयुक्त
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनगणना-2027 के अंतर्गत नगर निगम सीमा में चल रहे मकान सूचीकरण कार्य को लेकर प्रशासन ने सख्त और प्रेरणादायक दोनों तरह का रवैया अपनाया है। एक ओर जहां उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगणकों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और सुपरवाइजर्स के खिलाफ एफआईआर तक दर्ज कराई जा रही है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक लगातार जनगणना कार्य की समीक्षा कर रहे हैं। प्रतिदिन चार्ज अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रगति रिपोर्ट ली जा रही है और सभी प्रगणकों तथा सुपरवाइजर्स को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। साथ ही आमजन को भी जनगणना कार्य में सहयोग और सहभागिता के लिए जागरूक किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने बताया कि 20 जून तक मकान सूचीकरण का कार्य जारी रहेगा और सभी जोनों में तेजी से कार्य कराया जा रहा है। इस बीच मोहन नगर जोन ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए जनगणना कार्य में बढ़त बनाई है। मोहन नगर जोन के लाजपत नगर सी-ब्लॉक में प्रगणक महीप सिंह ने सबसे पहले मकान सूचीकरण का कार्य पूरा कर उदाहरण प्रस्तुत किया। बेहतर कार्य के लिए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने प्रगणक महीप सिंह को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया और अन्य प्रगणकों को भी उनसे प्रेरणा लेने की अपील की।
उन्होंने महीप सिंह को अन्य प्रगणकों का सहयोग करने के निर्देश भी दिए, ताकि सभी क्षेत्रों में कार्य तेजी से पूरा हो सके। नगर आयुक्त ने कहा कि जनगणना केवल सरकारी ड्यूटी नहीं बल्कि देश के प्रति सच्ची सेवा है। यह कार्य जिम्मेदारी, मेहनत और समर्पण की भावना से किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश की विकास योजनाओं और नीतियों का आधार बनते हैं, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जहां बेहतर कार्य करने वालों को सम्मानित किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर ड्यूटी में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी जारी है। विजयनगर और मोहन नगर जोन को छोड़कर वसुंधरा जोन में पांच प्रगणकों और एक सुपरवाइजर के खिलाफ फोन न उठाने और ड्यूटी पर उपस्थित न होने के कारण एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसी तरह सिटी जोन में चार प्रगणकों तथा कविनगर जोन में पांच प्रगणकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
अधिकारियों का कहना है कि जिन कर्मचारियों द्वारा जनगणना कार्य में रुचि नहीं दिखाई जा रही या ड्यूटी से अनुपस्थित रहकर कार्य में बाधा उत्पन्न की जा रही है, उनके खिलाफ नियमों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन का मानना है कि सम्मान और सख्ती दोनों के संतुलन से जनगणना कार्य को समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जा सकेगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे फील्ड स्तर पर मॉनिटरिंग बढ़ाएं और प्रत्येक प्रगणक की प्रगति पर लगातार नजर रखें। नगर आयुक्त ने सभी प्रगणकों से अपील की कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि जनगणना का यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
















