आबकारी विभाग की छवि धूमिल करने वाले ब्लैकमेलर जाएंगे जेल: सुबोध कुमार श्रीवास्तव

-एक बार फिर से निजी हित के लिए विभाग को बदनाम करने का किया जा रहा प्रयास
-शराब की दुकानों पर पहुंच कर बनाते है वीडियो, साक्ष्य मांगने पर बंद कर लेते है फोन

उदय भूमि
गौतमबुद्ध नगर। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया तस्कर हरियाणा की सस्ती शराब को क्षेत्र में लाइसेंसी दुकानें बंद होने के बाद महंगे दामों में बेचता था। जनपद गौतमबुद्ध नगर को अवैध शराब के कारोबार से मुक्त करने के लिए आबकारी अधिकारी द्वारा चलाए जा रहे रात्रि अभियान से धीरे-धीरे चोरी-छिपे बाहरी और यूपी शराब की तस्करी करने वालों का सफाया होता नजर आ रहा है। तस्करों को पकड़ने के लिए आबकारी विभाग की टीमें रात होते ही अपने-अपने क्षेत्र में शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश और छापेमारी करने निकल पड़ती है। रात्रि अभियान की कार्रवाई सिर्फ शराब तस्करों तक ही सीमित नहीं है। इस कार्रवाई में लाइसेंसी दुकानें बंद होने के बाद चोरी छिपे शराब बिक्री करने वाले विक्रेताओं पर भी विभाग अपना शिकंजा कस रहा है। हालांकि क्षेत्र में अभी तक ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है कि जिले में कोई भी विक्रेता दुकान बंद होने के बाद या फिर पहले शराब बेच रहा हो।

जिला आबकारी अधिकारी का खौफ ही है कि जिले के शराब विक्रेता नियमानुसार शराब बिक्री कर रहे है और आदेशों का उल्लंघन करने वाले सलाखों के पीछे हवा खाने को मजबूर है। आबकारी विभाग द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई से शराब तस्करों में तो इसका खौफ साफ नजर आ रहा है। मगर शराब विक्रेताओं को अपने लाभ के लिए ब्लैकमेल करने वालों का सिलसिला अभी भी जारी है। सोशल मीडिया पर आबकारी विभाग की कार्रवाई को दिखाना तो दूर अपने लाभ के लिए आबकारी विभाग की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे है। दिन हो या फिर रात अपनी कमाई के लिए तथाकथित ऐसे लोग जो खुद का पत्रकारिता का चौथा स्तम्भ बताते है, वहीं आज आबकारी विभाग को बदनाम करने की नीयत से भीड़-भाड़ वाली दुकानों पर पहुंच कर वीडियो बनाते है और विक्रेता का वीडियो बनाकर शराब विक्रेता को अगले दिन फोन कर अवैध उगाही करने का प्रयास करते है। जब विक्रेता कब्जे में नहीं आता है तो विभाग को ही लपेटने के लिए सोशल मीडिया को अपना हथियार बनाकर अनावश्यक पोस्ट कर देते है। जिससे क्षेत्र के आबकारी निरीक्षक उनके दबाव में आ सकें। जब विभाग की टीम शिकायत की पुष्टि के लिए शिकायतकर्ता को फोन कर जानकारी लेने का प्रयास करती है तो फोन उठाना भी उचित नहीं समझते है। पूर्व में भी आबकारी अधिकारी ने अपनी कार्रवाई से स्पष्ट कर दिया है कि जिले में कोई भी अवैध शराब का कारोबार बर्दाश्त नहीं होगा।

इस कार्य में जिसकी भी संलिप्तता भी पाई जाएगी उसके खिलाफ ठोस कार्रवाई भी की जाएगी। हाल ही में आबकारी अधिकारी ने नियमों का उल्लंघन करने वाले शराब विक्रेताओं पर कार्रवाई की थी। यह कार्रवाई किसी एक विक्रेता पर नहीं बल्कि एक दर्जन से अधिक विक्रेताओं पर की गई थी। जिसके लिए लाइसेंसियों पर जुर्माना लगाते हुए विक्रेताओं को ब्लैक लिस्ट भी कर दिया गया। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि अवैध शराब से संबंधित कोई शिकायत या फिर शराब विक्रेता से संबंधित हो इसकी शिकायत विभाग के टोल फ्री नंबर और कार्यालय आकर भी कर सकते है। जिस पर कार्रवाई भी की जाएगी। मगर शिकायतकर्ता को उसके साक्ष्य भी प्रस्तुत करने होंगे न कि बिना किसी साक्ष्य के आरोप लगाए जाए। साथ ही शराब विक्रेताओं को भी बार-बार हुई बैठक में दिशा-निर्देश दिए जाते है कि नियमानुसार शराब की बिक्री करें। साथ ही अवैध रुप से वसूली करने वालों की शिकायत विक्रेता भी कर सकता है। विभाग को बदनाम करने की नीयत से किए जा रहे पोस्ट की जांच की जा रही है। इसमे जिसकी भी भूमिका संलिप्त पाई जाएगी संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया जिले में शराब विक्रेता हो या फिर आबकारी विभाग का स्टॉफ किसी से भी अवैध वसूली का प्रयास किया गया तो संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। विभाग नियमानुसार कार्य कर रहा है। जिसका परिणाम भी सभी के सामने आ रहे है। आबकारी निरीक्षकों को भी सख्त निर्देश दिए गए है कि आप सभी बिना किसी दबाव के नियमानुसार अपनी कार्रवाई करते रहे। अगर कोई भी व्यक्ति रसूखदार हो या फिर ऊंची पहुंच रखने वाला आपको दबाव में लेकर अवैध कार्य कराने का प्रयास करता है तो बिना देरी किए संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाए।

हरियाणा शराब तस्कर गिरफ्तार
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जिले में चलाए जा रहे रात्रि अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक गौरव चंद की टीम द्वारा बुधवार को हरियाणा शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। पकड़ा गया तस्कर थाना सेक्टर 24 स्थित सेक्टर 11 मदर डेयरी के पास अवैध रूप से शराब तस्करी कर रहा था। पूछताछ में तस्कर की पहचान मोहम्मद आसिफ पुत्र उमर के रुप में हुई है। जिसके कब्जे से इंपीरियल ब्लू विदेशी शराब ब्रांड के 25 अददे अंग्रेजी हरियाणा शराब बरामद किया गया।