नक्शा के विपरीत बनाया तीन मंजिला मकान, अब जीडीए चलाएगा बुल्डोजर

– सील तोड़कर अवैध निर्माण करने के मामले में जीडीए ने 3 लोगों के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
– प्रवर्तन जोन द्वितीय ने मोदीनगर और मुरादनगर क्षेत्र में चलाया बुल्डोजर, लगाया सील

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। 
बिना नक्शा पास कराये अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ जीडीए ने सख्त रूख अख्तियार कर लिया है। नक्शा के विपरीत अवैध निर्माण करने के कारण जहां साहिबाबाद क्षेत्र में तीन मकानों पर बुल्डोजर चलाया जाएगा वहीं सील तोड़कर अवैध निर्माण करने के मामले में साहिबाबाद थाने में 3 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। जीडीए उपाध्यक्ष कंचन वर्मा के आदेश और सचिव संतोष कुमार राय के निर्देश पर की जा रही इस कार्रवाई के जरिये अवैध निर्माण करने वालों को सख्त निर्देश दिया गया है। जीडीए द्वारा जहां साहिबाबाद थाना क्षेत्र में एफआईआर दर्ज करवाई गई वहीं मोदीनगर और मुरादनगर क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर भी जीडीए का बुल्डोजर चला।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा साहिबाबाद क्षेत्र मेंं लाजपतनगर और राजेंद्रनगर में अवैध निर्माण के मामले में सील तोड़कर फिर निर्माण कार्य शुरू किये जाने के मामले में यह कार्रवाई की है। जीडीए के अपर सचिव एवं प्रवर्तन जोन-7 के प्रभारी सीपी त्रिपाठी ने बताया कि लाजपतनगर के भूखंड संख्या-एफबी-6 पर सीमा इरफान पत्नी इमरान हुसैन द्वारा जीडीए से स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण किए जाने पर गत 4 मार्च को बिल्डिंग को सील किया गया था। निरीक्षण में पाया गया कि सील तोड़कर फिर से निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। मंगलवार को इसे सील करने के बाद सीमा इरफान के खिलाफ साहिबाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। वहीं, राजेंनगर सेक्टर-5 में भूखंड संख्या-3/107 में विद्याधर गौड़ पुत्र स्वर्गीय आरडी गौड़ ने स्वीकृत नक्शे से ज्यादा निर्माण कराया था। यहां भी सीलिंग की गई थी। लेकिन सील तोड़कर फिर से निर्माण किए जाने का मामला संज्ञान में आने पर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। राजेंद्रनगर सेक्टर-5 में भूखंड संख्या-3/84 में शशांक जैन ने नक्शे से ज्यादा अवैध रूप से निर्माण किए जाने पर इसे 12 सितंबर-2019 को सील किया गया था। सील किए गए अवैध निर्माण की सील तोड़कर दोबारा निर्माण करने पर इसके खिलाफ भी साहिबाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई हैं। सीपी त्रिपाठी ने बताया कि अवैध रूप से बनी इन बिल्डिंगों के ध्वस्तीकरण के आदेश हो जाते हैं और जल्द ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
उधर, प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी अजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में मोदीनगर में कार्यवाही की गई। मोदीनगर में निजामपुर रोड सिकरी खुर्द मैं पंकज मलिक के लगभग 4000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में, संजीव गर्ग संजीवनी स्टेट सिकरी खुर्द मोदीनगर के लगभग 7000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में, मांगेराम किरण पाल द्वारा ग्राम अदालत नगर मुरादनगर लगभग 5 बीघा क्षेत्रफल में योगेश्वर व अन्य द्वारा खसरा नंबर 262 अ, 262 ब शोभापुर असलत नगर मुरादनगर गाजियाबाद लगभग 18 बीघा क्षेत्रफल में अनधिकृत रूप से कॉलोनी बसाने की कवायद चल रही थी। यहां बुल्डोजर चलाकर अवैध निर्माण एवं विकास कार्यों को ध्वस्त कर दिया गया। इसी क्रम में जगजीवनपुर फार्म हाउस मुरादनगर को भी सील किया गया।